डाल्‍टनगंज में कारोबार, आरा में सुसाइड अटेम्प्ट; कारोबारी की दर्दनाक कहानी

 दानापुर-पीडीडीयू रेलखंड पर आरा स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक पर शुक्रवार की रात एक कारोबारी ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या का प्रयास किया।

इस दौरान वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद जीआरपी पुलिस ने उसे तुरंत इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया।

घायल की पहचान पीरो थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 10 निवासी स्व. शिव नारायण प्रसाद के 54 वर्षीय पुत्र विजय कुमार गुप्ता के रूप में हुई है। घटना स्टेशन पर लगे CCTV कैमरों में भी कैद हो गई है।

आयकर की नोटिस के बाद से तनाव में

परिजनों के अनुसार, विजय कुमार गुप्ता पहले लाइसेंसी शराब के कारोबारी थे। करीब 10 साल पहले उन्हें आयकर विभाग की ओर से 1.80 करोड़ रुपये का नोटिस मिला था।

हाल ही में तीन माह पूर्व भी उन्हें इनकम टैक्स से एक और नोटिस मिला था, जिससे वे मानसिक दबाव में थे।

बताया गया कि कुछ महीने पहले उन्होंने झारखंड के डाल्टेनगंज में साझेदारों के साथ नया कारोबार शुरू किया था। पुराने कर्ज चुकाने के लिए वे पांच लाख रुपये उधार लेकर आए थे।

साझेदारों की धमकी कर रही थी परेशान

आरोप है कि पिछले तीन माह से उनके साझेदार फोन पर उन्हें धमकी दे रहे थे और मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे।

इसी तनाव और अवसाद में आकर उन्होंने यह कदम उठाया। घटना की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे। फिलहाल जीआरपी पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *