पटना में तेजी से बढ़ते ट्रैफिक को देखते हुए पटना मेट्रो परियोजना शुरू की गई है। यह परियोजना शहर के विभिन्न हिस्सों को तेज, सुरक्षित और पर्यावरण के अनुकूल परिवहन उपलब्ध कराएगी। 14 हजार करोड़ की लागत से मेट्रो प्रोजेक्ट पर काम चल रहा है।
ब्लू लाइन व रेड लाइन पर काम चल रहा है। ब्लू लाइन में पाटलिपुत्र बस टर्मिनल से भूतनाथ रोड स्टेशन तक मेट्रो का परिचालन शुरू हो चुका है। अब मलाही पकड़ी तक परिचालन शुरू करने की तैयारी है।
इसके लिए सोमवार को सीएमआरएस निरीक्षण होगा। इसमें सबकुछ ठीक रहा तो जल्द ही मलाही पकड़ी तक मेट्रो सेवा शुरू हो जाएगा। मलाही पकड़ी से राजेंद्र नगर, मोइनउल हक स्टेडियम, पटना विश्वविद्यालय, पीएमसीएच, गांधी मैदान, आकाशवाणी, पटना जंक्शन यह ब्लू लाइन का हिस्सा है।
मलाही पकड़ी से पटना जंक्शन तक मेट्रो का परिचालन भूमिगत होगा, जिसका निर्माण कार्य चल रहा है। वहीं रेड लाइन में खेमनीचक, जगनपुर, रामकृष्णा नगर, मीठापुर स्टेशन, सीएनएलयू, पटना जंक्शन, विद्युत भवन, विकास भवन, पटना जू, राजा बाजार, रूकनपुरा, पाटलिपुत्रा, आरपीएस मोड़, सगुना मोड व दानापुर कंटोलमेंट तक मेट्रो स्टेशन का निर्माण कार्य चल रहा है।
निरीक्षण के कारण आज बंद रहेगी मेट्रो सेवा
पटना मेट्रो रेल कार्पोरेशन लिमिटेड द्वारा भूतनाथ मेट्रो स्टेशन (डीएन लाइन) पर सीएमआरएस निरीक्षण के मद्देनजर सोमवार को पटना मेट्रो ट्रेन सेवा बंद रहेगी। निरीक्षण कार्य के कारण यात्रियों की सुरक्षा और परिचालन व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
निरीक्षण प्रक्रिया पूरी होने के बाद पटना मेट्रो सेवा का सामान्य संचालन मंगलवार से पाटलिपुत्र बस टर्मिनल से से पुनः प्रारंभ कर दिया जाएगा।
पटना मेट्रो रेल कार्पोरेशन लिमिटेड ने यात्रियों से अपील की है कि वे इस अवधि में वैकल्पिक परिवहन व्यवस्था का उपयोग करें। सेवा बाधित रहने से होने वाली असुविधा के लिए खेद जताते हुए यात्रियों से सहयोग की अपेक्षा की गई है।


