जिले के सरकारी स्कूलों में बच्चों के लिए मध्याह्न भोजन तैयार करने वाली 2886 रसोइयों को अब सरकार प्रत्येक वर्ष एक जोड़ी साड़ी देने जा रही है। रसोइया यह साड़ी खुद खरीद सकेंगी, इसके लिए उसे पांच-पांच सौ रुपये दिए जाएंगे। साड़ी नीले रंग की होगी।
सरकार रसोइया को भविष्य में एप्रोन व कैप भी देने की तैयारी कर रही है। झारखंड राज्य मध्याह्न भोजन प्राधिकरण ने इसकी तैयारी कर ली है। साड़ी वितरण के लिए बजट की स्वीकृति भी हो गई है। विभाग के द्वारा इसकी प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई है।
पोशाक पहनने से अब रसोइयों की पहचान आसानी से हो सकेगी। एक समान ड्रेस से काम में अनुशासन व प्रोफेशनल माहौल बनेगा, जिससे काम करने का तरीका बेहतर होगा।
यूनिफार्म (एप्रोन, टोपी आदि) पहनने से बाल या गंदगी खाने में जाने की संभावना कम होगी, जिससे खाना ज्यादा साफ व सुरक्षित रहता है। वहीं, यूनिफार्म (खासकर एप्रोन और हेड कवर ) गर्म बर्तनों या तेल से कुछ हद तक सुरक्षा मिलती है।


