गाजियाबाद के इन इलाकों में आज नहीं आएगी बिजली, भीषण गर्मी के बीच मचा हाहाकार; लोग परेशान

 भीषण गर्मी के बीच बिजली की अघोषित कटौती ने शहरवासियों की परेशानियों को और बढ़ा दिया है। तापमान के लगातार बढ़ने के साथ ही शुक्रवार रात और शनिवार को दिन भर बिजली आपूर्ति बार-बार बाधित होने से लोगों का बुरा हाल रहा।

गाजियाबाद के अधिकांश इलाकों में दिन और रात के समय दो से तीन घंटे तक बिजली कटौती होती रही।
शहर के गोविंदपुरम, शास्त्री नगर, संजय नगर, पटेल नगर, राजनगर और कविनगर, विजय नगर और कैला भट्ठा, इस्लाम नगर आदि में अघोषित विद्युत कटौती से गर्मी में लोगों का हाल बेहाल रहा।

विद्युत कटौती से गर्मी के कारण लोग पसीना-पसीना रहे। बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को सबसे अधिक दिक्कतों का सामना करना पड़ा। शुक्रवार रात में कटौती होने से लोगों की नींद भी प्रभावित हुई।

पानी की आपूर्ति की भी शिकायतें आईं

स्थानीय लोगों का कहना है कि बिना किसी पूर्व सूचना के हो रही कटौती से दिनचर्या प्रभावित रही। कुछ इलाकों में पानी की आपूर्ति की भी शिकायतें आईं। लोगों ने बिजली विभाग से भीषण गर्मी को देखते हुए निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने और अघोषित कटौती पर रोक लगाने की मांग की है।

डासना देहात में आज होगी बिजली कटौती

रविवार को डासना क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति सुबह 10 बजे से शाम छह बजे तक बाधित रहेगी। उक्त जानकारी देते हुए विद्युत उपखंड अधिकारी अंकित कुमार ने बताया कि यह शटडाउन डासना देहात में ट्रांसफार्मर क्षमता बढ़ाने के कार्य के चलते लिया जा रहा है।

डासना की श्रीराम कॉलोनी, रोहन एन्क्लेव, मोहल्ला कुरैशियान, किला व भूढ़ गढ़ी इंडस्ट्रियल एरिया और मखदूम शाह बाबा क्षेत्र सहित कई मोहल्लाें में विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। शुक्रवार और शनिवार को फीडर नंबर दो की आपूर्ति रात में बाधित रही।

 

इस दौरान डासना स्थित एचआरएम बिजलीघर पर तैनात विद्युतकर्मियों ने उपभोक्ताओं का काल रिसीव नहीं किया। इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *