सेल्फ स्टडी से मानसी बनीं चित्रकूट जिला टॉपर, स्टेट मेरिट लिस्ट में भी बनाई जगह; Success Story

8.3kViews
1766 Shares

 कालिका देवी इंटर कालेज पुरवा तरौंहा की छात्रा मानसी तिवारी ने हाईस्कूल परीक्षा में 96.63 प्रतिशत अंक हासिल कर न सिर्फ जिले में टाप किया, बल्कि प्रदेश मेरिट सूची में भी स्थान बनाकर पूरे जनपद का मान बढ़ाया है। उसकी इस सफलता से परिवार के साथ-साथ पूरा विद्यालय गौरवान्वित है।

मानसी की सफलता की खास बात यह है कि उसने बिना किसी कोचिंग या ट्यूशन के यह मुकाम हासिल किया। वह बताती है कि उसे अपनी मेहनत और सेल्फ स्टडी पर पूरा भरोसा था। बेहतर परिणाम की उम्मीद थी, लेकिन प्रदेश मेरिट में नाम आएगा, यह नहीं सोचा था।

मानसी के पिता राजेश तिवारी सरकारी शिक्षक हैं, जबकि मां प्रियंका गृहिणी हैं। परिवार में शिक्षा का माहौल होने से उसे शुरू से पढ़ाई के प्रति प्रेरणा मिलती रही।

दस वर्ष पहले परिवार बच्चों की पढ़ाई के लिए राजापुर के अमरपुर से कर्वी के बेड़ी पुलिया क्षेत्र में आकर बस गया। वह बताती है कि परीक्षा के दौरान माता-पिता ने खानपान और पढ़ाई को लेकर लगातार प्रेरित किया।

कभी-कभार उसने यूट्यूब के माध्यम से विज्ञान और गणित विषय की तैयारी की, लेकिन मुख्य रूप से अपनी पढ़ाई खुद ही की। मानसी को किताबें पढ़ना और गाने सुनना पसंद है। वह भारतीय क्रिकेटर विराट कोहली से संघर्ष और अनुशासन की प्रेरणा लेती है। आगे चलकर वह प्रशासनिक अधिकारी बनकर समाज की सेवा करना चाहती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *