गोरखपुर विरासत गलियारा के लिए ठेकेदार ने खोद दिया गड्ढा, डूब रही बच्ची और युवती को लोगों ने बचाया

 विरासत गलियारा में अग्रवाल भवन से थवई पुल तक बने सीमेंटेड नाले व सड़क के बीच में ठीकेदार ने गड्ढा खोद दिया है। गड्ढा लगभग छह फीट चौड़ा व पांच फीट गहरा है। उसमें पानी भर गया है। आए दिन उसमें लोग गिर रहे हैं।

गुरुवार को अलग-अलग समय पर एक बच्ची व युवती डूबने से बची। पैदल जा रही युवती गड्ढे में गिर गई और डूबने लगी। नागरिकों ने दौड़कर उसे निकाला। उसके पूर्व उसी रास्ते से जा रहे एक व्यक्ति गड्ढे में गिर गए, उनकी गोद में बच्ची थी, वह डूबने लगी।

उसे भी आसपास के लोगों ने बचाया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बच्ची का केवल सिर ही दिख रहा था। उसे निकालने में थोड़ा भी विलंब होने पर उसकी जान जा सकती थी।

थवई पुल के पास के रहने वाले प्रत्यक्षदर्शी अविनाश ने बताया कि गुरुवार को बच्ची व युवती के अलावा तीन वाहन भी गड्ढे में फंस गए। सबसे पहले सुबह 10 बजे आसपास एक बोलेराे फंस गई। उसे नागरिकों ने मेहनत कर किसी तरह निकाला। इसके बाद एक बैट्री आटो पलट गया। उसे भी उठाया गया।

कुछ देर बाद फिर एक बोलरो फंस गई। उसका पहिया गड्ढे में चला गया था। बहुत प्रयास के बाद भी नागरिक जब उसे नहीं निकाल पाए तो ठीकेदार के जेसीबी चालक से गाड़ी निकालने का अनुरोध किया। चालक ने इसके लिए पांच हजार रुपये की मांग की।

नागरिकों ने कहा कि बाहर की गाड़ी है, हम लोग चंदा लगाकर चार हजार रुपये तुम्हें दे देंगे, निकाल दो। चालक पहले रुपये लेने की जिद पर अड़ गया और बोलेरो बिना निकाले चला गया। इसके बाद जब बच्ची व युवती डूबने लगी तो नागरिकों का आक्रोश चरम पर पहुंच गया।

उन्होंने बच्ची व युवती को तो बचाया लेकिन जेसीबी को खड़ा करा दिया और कहा कि जब तक पीडब्लूडी के अधिकारी नहीं आ जाएंगे, तब तक जाने नहीं देंगे। इसके बाद पुलिस व ठीकेदार पहुंचे। उनके हस्तक्षेप से जेसीबी की मदद से बोलेरो निकाली गई।

इस संबंध में पीडब्लूडी निर्माण खंड दो के अधिशासी अभियंता से बात करने की कोशिश की गई उन्होंने फोन काल काट दी। वाट्सएप पर भेजे गए मैसेज का भी जवाब नहीं दिया। बाद में उनका पक्ष आने पर प्रकाशित किया जाएगा।

गड्ढा खोदने के दौरान टूट गई है वाटर पाइप लाइन
नागरिकों ने बताया कि गड्ढा खोदने के दौरान नीचे से जा रही वाटर पाइप लाइन अनेक जगहों पर टूट गई है। उसका पानी गड्ढे में भर गया है। घरों का गंदा पानी भी इसी गड्ढे में आ रहा है। यह गड्ढा जानलेवा बन गया है। बच्चे, बुजुर्ग व महिलाएं इसी रास्ते से आते-जाते हैं, किसी के साथ दुर्घटना घट सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *