प्रदेश में वन्यजीवों के हमलों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। बुधवार को नैनीताल के ज्योली गांव में महिला की मौत के दूसरे दिन ही पौड़ी में दो गुलदारों ने हमला कर बुजुर्ग महिला की जान ले ली।
हमला सुबह करीब साढ़े आठ बजे उस समय हुआ जब वह घर के पास ही खेत में घास काट रही थीं। घटना से गुस्साए लोगों ने मौके पर पहुंचे संयुक्त मजिस्ट्रेट और प्रभारी डीएफओ गढ़वाल का घेराव कर हंगामा किया।
गुलदार आदमखोर घोषित
बाद में वन विभाग ने गुलदार को आदमखोर घोषित करने के साथ ही मौके पर 20 सदस्यीय वन कर्मियों की टीम और मशहूर शिकारी जाय हुकिल को तैनात कर दिया है। प्रदेश में वन्यजीवों के हमले में इस वर्ष अब तक यह 23 वीं मौत है।
घटना ग्राम पंचायत बुढ़ाकोट स्थित बमठी गांव की है। 70 वर्षीय सीता देवी खंडूड़ी पर पहले एक गुलदार हमला किया। दराती से वार कर जैसे ही उन्होंने बचने का प्रयास किया, अचानक दूसरा गुलदार भी झपट पड़ा।
शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर आए, लेकिन तब तक गुलदार सीता देवी को झाड़ियों के भीतर लेकर चले गया। ग्रामीणों के काफी शोर मचाने पर दोनों गुलदार जंगल को भाग गए। ग्रामीणों ने मौके पर जाकर देखा तो तब तक महिला की मौत हो चुकी थी। इस पर उन्होंने हंगामा कर दिया।


