थाना क्षेत्र के बूढ़ा गाना गांव के ग्राम प्रधान ने जिला पंचायत सदस्य, उसके भाई व अड्डा गैंग के सदस्यों पर लगातार धमकी देने का आरोप लगाया है।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सपा से जुड़े जिला पंचायत सदस्य समेत 22 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। हालांकि अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है और पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
ग्राम प्रधान मोहित सिंह ने पुलिस अधीक्षक को दी तहरीर में बताया कि 18 फरवरी 2026 को उसका भाई धर्मवीर सिंह अपने मामा के बेटे को औरैया जाने के लिए सड़क पर छोड़कर लौट रहा था। इसी दौरान उमसाना गांव के पास सपा नेता धर्मेंद्र यादव ने अपने साथियों सहित उसे रोक लिया और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
किसी तरह वह वहां से बचकर घर पहुंचा। आरोप है कि इसके बाद अड्डा गैंग के सदस्य लगातार इंटरनेट मीडिया पर धमकी भरी पोस्ट करने लगे। वहीं, एक दिन बाजार में सामान खरीदते समय धर्मेंद्र यादव, संदीप यादव, रचित, आलोक दीक्षित, पंकज तोमर समेत एक दर्जन से अधिक लोग वहां पहुंचे और उसे घेरकर धमकाने लगे।
पहले से कई मुकदमे हैं दर्ज
इन पर पहले से भी कई मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। पीड़ित के अनुसार 12 अप्रैल को सपा नेता के भाई सत्येंद्र और उसके साथियों ने भी जान से मारने की धमकी दी।
पुलिस ने जिला पंचायत सदस्य के भाई का शांति भंग में चालान किया था। बावजूद धमकियों का सिलसिला जारी रहा, जिससे दोनों गांवों में तनाव का माहौल बना हुआ है। थाना प्रभारी पंकज मिश्र ने बताया कि सभी नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। पुलिस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

