OTT का ‘फैमिली मैन’ अब बनेगा बॉक्स ऑफिस का ‘गर्वनर’, नई फिल्म के साथ आ रहा ‘एक्टिंग का किंग’; पोस्टर रिलीज

बॉलीवुड में अभिनेता मनोज वाजपेयी उन कलाकारों में से हैं, जिनकी एक्टिंग का हर कोई फैन है। मनोज वाजपेयी इन दिनों ओटीटी पर खूब छाए हुए हैं, तो वहीं सिनेमाघरों में भी वह अपनी नई-नई फिल्मों से लोगों का दिल जीत रहे हैं। इसी बीच मनोज वाजपेयी की आने वाली फिल्म का एलान हुआ है।

गर्वनर में नजर आएंगे मनोज वाजपेयी

दरअसल मनोज वाजपेयी (Manoj Vajpayee) आज अपना जन्मदिन मना रहे हैं, ऐसे में उनके जन्मदिन के मौके पर फिल्ममेकर विपुल अमृतलाल शाह ने इसका एलान किया है। हाल ही में मनोज की आने वाली फिल्म के पोस्टर्स सामने आ गए हैं, जिसमें फिल्म के नाम के साथ-साथ एक रहस्यमयी सस्पेंस भी नजर आ रहा है।

फिल्म का नाम ‘गवर्नर: द साइलेंट सेवियर’ (Governor: The Silent Saviour) रखा गया है। मनोज बाजपेयी के जन्मदिन के मौके पर अपने पहले पोस्टर के साथ ही लोगों के बीच जबरदस्त उत्सुकता पैदा कर दी है।

दिलचस्प है फिल्म की कहानी

मनोज वाजपेयी की इस फिल्म को चिन्मय मांडलेकर ने डायरेक्ट किया है। इसमें मनोज बाजपेयी पीछे से नजर आ रहे हैं, जो हाथ में एक सूटकेस लिए कॉरिडोर में चल रहे हैं।

इसके साथ ही फिल्म की टैगलाइन है, “अगर मैं फेल हुआ… तो इंडिया फेल हो जाएगा,” जो एक हाई-वोल्टेज लीगल ड्रामा की तरफ इशारा करती है। एक दूसरे पोस्टर में, एक हरी कुर्सी को हाईलाइट किया गया है जिस पर टैगलाइंस लिखी हैं, “इंडिया दिवालिया होने की कगार पर है” और “यह सिर्फ कुर्सी नहीं… ज़िम्मेदारी है।” यह देश के इर्द-गिर्द बुनी गई एक गंभीर और गहरी कहानी की ओर इशारा करता है।

आपको बता दें कि यह पहली बार होगा जब विपुल अमृतलाल शाह (Vipul Amrutlal Shah ) और मनोज बाजपेयी एक साथ काम करने जा रहे हैं। ‘सनशाइन पिक्चर्स’ के बैनर तले बन रही यह फिल्म एक और इंटेंस ड्रामा होने वाली है। इसके अलावा विपुल अमृतलाल शाह द्वारा प्रोड्यूस और चिन्मय मांडलेकर द्वारा निर्देशित इस फिल्म के को-प्रोड्यूसर आशिन ए. शाह हैं।

फिल्म की कहानी सुवेंदु भट्टाचार्जी, सौरभ भरत, रवि असरानी और विपुल अमृतलाल शाह ने मिलकर लिखी है। फिल्म का संगीत अमित त्रिवेदी ने तैयार किया और इसके गीतकार हैं जावेद अख्तर। फिल्म 12 जून को सिनेमाघरों में दस्तक देगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *