श्रीनगर में लश्कर-ए-तैयबा का बड़ा मॉड्यूल ध्वस्त, एक महिला समेत तीन लोग हथियार और गोला-बारूद के साथ गिरफ्तार
पुलिस ने बुधवार को श्रीनगर के अहमदनगर इलाके में एक युवती समेत तीन लोगों को हथियार और गोला-बारूद के साथ पकड़ा है। ये सभी लश्कर-ए-तैयबा के ओवरग्राउंड वर्कर बताए जा रहे हैं। इनकी गाड़ी से तलाशी के दौरान एक ग्रेनेड, एसाल्ट राइफल के 15 कारतूस और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया।
तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया। युवती की पहचान शाजिया मोहम्मद और अन्य दो की जहूर अहमद मीर और बशीर अहमद बट के रूप में हुई है। सभी से पूछताछ की जा रही है। हालांकि पुलिस ने किसी गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
सूत्रों के अनुसार पकड़े गए तीनों ओवरग्राउंड वर्कर गत दिनों पकड़े गए लश्कर के अंतरराज्यीय मॉड्यूल से जुड़े हुए हैं। इस माड्यूल का जम्मू-कश्मीर पुलिस ने गत मार्च में पर्दाफाश करते हुए दो पाकिस्तानी आतंकियों को पंजाब से पकड़ा था।
जबकि तीसरा पाकिस्तानी आतंकी उमर उर्फ खरगोश कथित तौर पर फर्जी पासपोर्ट पर इंडोनेशिया के रास्ते सऊदी अरब भागने में सफल हो गया। जानकारी के अनुसार पुलिस ने अहमदनगर के डगरपोरा जंगल के पास नाका लगाया हुआ था। इस दौरान इलाके से एक डस्टर वाहन को आते देखा गया और उसे रुकने का संकेत दिया।
वाहन चालक ने नाका देख वहां से मुड़कर भागने का प्रयास किया, लेकिन विफल रहा। वाहन में एक युवती समेत तीन लोग सवार थे। नाका पार्टी ने वाहन को रोका और तलाशी ली, तो उसमें हथियार व गोला बारूद मिला।
युवती शाजिया और जहूर दोनों ही हजरतबल के दुरहामा में रहते हैं। शाजिया एक छात्रा है जबकि जहूर मधुमक्खी पालक है। बशीर अहमद की आयु लगभग 63 वर्ष है व पेशे से इलेक्ट्रिशियन है।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

