संतकबीर नगर में ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, चालक सहित पांच मजदूर घायल, तीन गंभीर

1517 Shares

महुली-मानपुर रोड पर ग्राम छितही स्थित धोबी टोला के पास गुरुवार सुबह करीब 8:30 बजे एक अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्रॉली मोड़ पर पलट गई। हादसे में चालक समेत पांच मजदूर घायल हो गए, जिनमें तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, महुली कस्बा स्थित एक टेंट हाउस से टेंट का सामान ट्रैक्टर-ट्रॉली पर लादकर मजदूर ग्राम सिकटहा में एक शादी समारोह में गए थे। कार्यक्रम से लौटते समय जैसे ही वाहन छितही के पास धोबी टोला के मोड़ पर पहुंचा, चालक का नियंत्रण बिगड़ गया और ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई।

हादसे के बाद ट्रॉली में सवार सभी लोग नीचे दब गए और मदद के लिए चिल्लाने लगे। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को बाहर निकाला। एंबुलेंस के देर से पहुंचने पर ग्रामीणों ने निजी वाहन से सभी को नजदीकी नाथनगर अस्पताल पहुंचाया।

घायलों में महुली निवासी चालक अरुण कुमार (पुत्र रामकेश), अंकित (पुत्र रामनिवास), शनि (पुत्र भोला), विपिन (पुत्र राजू) और बिरजू (पुत्र ओरीलाल) शामिल हैं। इनमें अंकित और विपिन को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि शनि, अरुण और बिरजू की गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *