नूंह में पुराने मुकदमे में फर्जी पहुंच और धारा 307 हटवाने का दिया झांसा, ठग लिए 1 लाख रुपये

 जिले के सदर थाना क्षेत्र में धारा हटवाने और मुकदमे में राहत दिलाने के नाम पर कथित तौर पर एक लाख 80 हजार रुपये की ठगी करने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी न्याज मोहम्मद पुत्र रहमान निवासी बाबूपुर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।

जानकारी के अनुसार गांव धांधुका निवासी इकबाल पुत्र सम्मन ने पुलिस अधीक्षक नूंह को दी शिकायत में आरोप लगाया कि एक पुराने मुकदमे में धारा 307 हटवाने, परिजनों को मुकदमे से निकलवाने और गिरफ्तारी कम कराने के नाम पर न्याज मोहम्मद तथा उसके साथ इमरान नामक व्यक्ति ने उससे 1 लाख 80 हजार रुपये लिए थे।

शिकायतकर्ता के अनुसार आरोपियों ने अपनी ऊंची पहुंच और प्रभाव का हवाला देकर उसे विश्वास में लिया, लेकिन बाद में न तो कोई राहत मिली और उल्टा उसके परिजन मुकदमे में नामजद रहे। शिकायत में यह भी कहा गया कि बाद में आरोपी ने 80 हजार रुपये वापस कर दिए, जबकि एक लाख रुपये अभी भी बकाया हैं।

मुख्य आरोपी हुआ गिरफ्तार

कई बार पैसे मांगने पर कथित तौर पर आरोपी ने उल्टा झूठी शिकायतें देकर दबाव बनाने की कोशिश की। मामले की शिकायत उच्च अधिकारियों तक पहुंचने और जांच रिपोर्ट के आधार पर सदर थाना नूंह में मुकदमा दर्ज किया गया।

पुलिस के अनुसार शिकायत और जांच रिपोर्ट में प्रथम दृष्टया धोखाधड़ी के तत्व पाए जाने पर केस दर्ज कर कार्रवाई की गई। मामले में मुख्य आरोपी न्याज मोहम्मद को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य पहलुओं और सह-आरोपी की भूमिका को लेकर जांच जारी है।

पुलिस प्रवक्ता का कहना है कि मामले के सभी तथ्यों की गहनता से जांच कर नियमानुसार आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *