चांडिल में गजराज का सरकारी दावत! गोदाम का शटर तोड़ डकार गए 11 बोरी दाल, लगातार दूसरे दिन धावा

चांडिल अनुमंडल कार्यालय स्थित सरकारी अनाज गोदाम में रविवार को झुंड से बिछड़े एक जंगली हाथी ने जमकर उत्पात मचाया।

हाथी ने गोदाम का शटर तोड़कर वहां रखी 11 बोरी चना दाल डकार ली। लगातार दूसरे दिन हुए इस हमले से इलाके में दहशत का माहौल है।

रविवार सुबह करीब 11:30 बजे जंगल से निकलकर एक हाथी सीधे अनुमंडल कार्यालय परिसर में दाखिल हुआ। हाथी ने उसी चावल गोदाम को निशाना बनाया, जिसका शटर उसने शनिवार को भी तोड़ा था।

गजराज ने क्षतिग्रस्त शटर को दोबारा पूरी तरह तोड़ दिया और भीतर घुस गया। इस दौरान उसने वहां रखी चना दाल की 11 बोरियों को अपना निवाला बना लिया।

काफी देर तक परिसर में विचरण करने के बाद हाथी वापस जंगल की ओर लौट गया। गोदाम का शटर टूटने के बाद अनाज चोरी होने की आशंका को देखते हुए प्रशासन अलर्ट हो गया है।

सुरक्षा के मद्देनजर कई पदाधिकारियों को विशेष रूप से गोदाम की निगरानी के लिए प्रतिनियुक्त किया गया है। हाथी द्वारा लगातार कार्यालय और गोदाम को निशाना बनाए जाने से वहां काम करने वाले कर्मचारी और स्थानीय लोग खौफ में हैं।

कर्मचारियों का कहना है कि अगर हाथी का उत्पात इसी तरह जारी रहा, तो जान-माल का बड़ा नुकसान हो सकता है। फिलहाल वन विभाग और स्थानीय प्रशासन स्थिति पर नजर रखे हुए है।

हालांकि कुछ लोग एक हाथी का 11 बोरी दाल खा लेने पर यकीन नहीं कर पा रहे। प्रशासन और वन विभाग की टीम जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *