पराली जलने के कारण रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र के रुद्रपुर-पिड़राघाट मार्ग पर शनिवार की दोपहर बड़ा हादसा हुआ। मुख्य मार्ग के किनारे जल रही पराली के धुआं के चलते रास्ता नहीं दिखने से बाइकों में आमने-सामने टक्कर के बाद दोनों बाइकों में पराली की आग के चलते आग पकड़ लिया। जिसमें एक बाइक सवार की जल कर घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। मृतक के पीछे बैठे उसके छोटे बेटे को दूसरे बाइक सवार ने आग की लपटों से बचा लिया। मौके पर पहुंची अग्निशमन विभाग की टीम व पुलिस ने बमुश्किल आग पर काबू पाया।
काशीपुर गांव के मोड़ के समीप किसी ने गेहूं की फसल कटने के बाद पराली में आग लगा दिया। जल रही पराली के धुएं के कारण मुख्य मार्ग धुआं के कारण दिखाई नहीं दे रहा था। आग की लपटें सड़क तक आ रही थीं।गौरीबाजार थाना क्षेत्र के ग्राम बिरवां के रहने वाले मुसाफिर साहनी उम्र 40 वर्ष पुत्र जगदीश बाइक से अपने पुत्र सात वर्षीय पुत्र रौनक के साथ एकौना थाना क्षेत्र के ग्राम ईश्वरपुरा में अपनी बहन से मिलकर लौट रहे थे। इसी दौरान रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र के गोनाहसूरत पूरा के रहने वाले बाइक मिस्त्री शैलेंद्र सिंह बाइक से पचलड़ी की तरफ जा रहे थे। दोनों अभी काशीपुर गांव के मोड़ के समीप पहुंचे थे कि जल रही पराली के धुएं के कारण सड़क नहीं दिखने से आमने सामने टक्कर हो गई।
उसके बाद पराली की आग दोनों के बाइक तक पहुंच गई और दोनों बाइकों में आग पकड़ लिया। इस बीच बाइक में दबे मुसाफिर आग की चपेट में आ गए, जबकि उनका सात वर्षीय बेटा रौनक बाइक से छिटक कर दूर गिर गया। मुसाफिर की मौके पर ही मृत्यु हो गई। आग में घिरे रौनक को दूसरे बाइक सवार शैलेंद्र ने आग की लपटों से बचाते हुए उसे बाहर निकाला।
यहां भीड़ जुटी तो वह बच्चे को छोड़कर फरार हो गया। पुलिस देर रात तक उसकी गिरफ्तारी के लिए प्रयास करती रही, मगर सफलता नहीं मिली। उधर, घटनास्थल का फोरेंसिक टीम ने नमूना लिया। मृत युवक पूना में वेल्डिंग का काम करता था। शनिवार ही सुबह घर पहुंचा था।
मृतक के चचेरे भाई अरविंद कुमार साहनी ने पुलिस को तहरीर दी है। सीओ हरिराम यादव ने बताया कि मृतक पक्ष से तहरीर मिली है। जांच की जा रही है। फरार बाइक चालक की तलाश जारी है।


