उरई में पुलिस मुठभेड़, मेडिकल कॉलेज चोरों को लगी गोली, तीन गिरफ्तार

गुरुवार की रात को सूचना पर पुलिस व एसओजी टीम ने मेडिकल कालेज के पास चोरी की योजना बनाते तीन युवकों की घेराबंदी की तो वह भागने लगे और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाब में कोतवाली पुलिस ने भी फायरिंग की जिसमें तीनों युवकों के पैरों में गोली लग गई। उन्हें मेडिकल कालेज भेजा गया। तीनों मप्र जिले के निवासी हैं।

उन्होंने बताया कि छह दिसंबर की रात को उन्होंने मेडिकल कालेज के नर्सिंग कालोनियों में चोरी की घटना को अंजाम दिया। पुलिस में आरोपितों के पास से 60 हजार रुपये, दो तमंचा, तीन कारतूस, आजमगढ़ मेडिकल कालेज से चोरी की गई रिवाल्वर, 17 कारतूस, पेंचकस, छैनी कटर आदि बरामद किया है। पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने कहा कि आरोपित कई मेडिकल व इंजीनियर कालेजों में चोरी करते हैं।

छह दिसंबर की रात को राजकीय मेडिकल कालेज परिसर में बने मेडिकल स्टाफ के सात क्वार्टरों से चोरों ने घावा बोलकर एक करोड़ रुपये के जेवरात व नकदी चोरी कर ली थी। सात दिसंबर की सुबह नर्सिंग आफिसर पुष्पा पाल, फार्मासिस्ट घनश्याम पांडेय, नर्सिंग आफिसर आकांक्षा भट्ट, शिवानी गुप्ता, मार्शलीन, रितु भाटी और गायनिक डा. शिल्पा के घरों में चोरी की जानकारी हुई थी।

पुलिस ने पीड़ितों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरु कर दी थी। गुरुवार की रात करीब 11 बजे कोतवाली प्रभारी निरीक्षक आनंद कुमार सिंह, एसओजी प्रभारी वरुण सिंह को सूचना मिली कि मेडिकल कालेज के पास कुछ युवक चोरी की योजना बना रहे हैं। इस पर दोनों ही टीमें सक्रिय हुईं और झाड़ियों छिपकर बैठे तीन युवकों को घेर लिया। जब उनसे बाहर आने को कहा तो वह पुलिस पर फायरिंग करते हुए भागने लगे।

जवाब में पुलिस टीम ने फायरिंग की तो तीनों के पैर में गोली लग गई। जिससे तीनों घायल होकर वही गिर पड़े। पुलिस ने तीनों घायलों को इलाज के लिए मेडिकल कालेज ले जाया गया। जहां उन्होंने अपना नाम मप्र के जिला धार थाना टांडा ग्राम चाम्झर निवासी भारत भील, मप्र के जिला आलीराजपुर थाना बोरी ग्राम कदवा बड़ी व मप्र के जिला धार थाना टांडा ग्राम काकडवा बताया।

उनके पास से पुलिस ने तीन कारतूस, दो तमंचा, एक रिवाल्वर, 17 कारतूस, 60 हजार रुपये की नकदी, पेंचकस, पुलर, छैनी, कटर, रिंच बरामद की। आरोपितों ने बताया कि मेडिकल कालेज की चोरी के अलावा उन्होंने चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया है। रिवाल्वर भी उन्होंने आजमगढ़ के मेडिकल कालेज से चोरी की थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *