टेक्नोलॉजी का दुरुपयोग कैसे होता है यह हैदराबाद में दिखाई दिया। यहां एक कार मालिक ने कानून की आंखों में धूल झोंकने के लिए अपनी बीएमडब्ल्यू कार में टेक्नोलॉजी का भरपूर इस्तेमाल किया।
उसका यह तरीका देखकर हैदराबाद पुलिस भी हैरान है। दरअसल मामला यह है कि यहां ट्रैफिक पुलिस के हत्थे एक कार चढ़ी, जिसकी नंबर प्लेट जरूरत के हिसाब से आटोमैटिक तरीके से बदल दी जाती थी।
यह मामला किसी हालीवुड फिल्म के सीन जैसा था। बीएमडब्ल्यू कार का मालिक ट्रैफिक चालान से बचने के लिए एक बटन दबाकर अपनी गाड़ी की नंबर प्लेट को बदल देता था। लेकिन कहते हैं न कि कानून के हाथ लंबे होते हैं। तो आखिरकार कार मालिक की होशियारी पुलिस के हाथ लग ही गई।
रिमोट से बदलते थे नंबर
रिमोट दबाते ही बदल जाती थी नंबर प्लेट हैदराबाद के पाश इलाके जुबली हिल्स में शनिवार रात को ट्रैफिक पुलिस शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों के खिलाफ सघन चे¨कग अभियान चला रही थी। इसी दौरान बीएमडब्ल्यू को रोका गया तो पुलिसकर्मियों को कुछ संदिग्ध लगा।
जांच में पता चला कि कार में एक अत्याधुनिक रिमोट-कंट्रोल मैकेनिज्म लगा हुआ था। मालिक ने गाड़ी पर दो अलग-अलग नंबर प्लेटें लगा रखी थीं – एक दिल्ली की और दूसरी तेलंगाना की। बेहद उन्नत ‘फ्लिप नंबर प्लेट’ सिस्टम के जरिये वह कार के अंदर बैठे-बैठे रिमोट का बटन दबाता और चंद सेकंड में दिल्ली की नंबर प्लेट बदलकर तेलंगाना की हो जाती।


