विभिन्न कार्यक्रमों में पहुंचे डीआईजी संजीव त्यागी ने सीओ कार्यालय एवं थाना परिसर स्थित मिशन शक्ति केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न रजिस्टरों व पत्रावलियों की जांच कर आवश्यक निर्देश दिए। निरीक्षण से पूर्व सीओ कार्यालय में उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान किया गया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने अपराध नियंत्रण को लेकर सीओ मयंक द्विवेदी से विस्तृत चर्चा की। डीआईजी इसके बाद भारत-नेपाल सीमा स्थित खुनुवा बार्डर पर एसएसबी एवं पुलिस बल के साथ पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
इस दौरान उन्होंने एसएसबी कमांडेंट उज्जवल दत्ता, नेपाल प्रहरी के एसआई जीत बिष्ट, मुख्य आरक्षी तुला राम (डिंगरी बीओपी) तथा कस्टम अधीक्षक से भी वार्ता की।
डीआईजी ने बताया कि पुलिस, एसएसबी, कस्टम एवं इंटेलिजेंस एजेंसियों के साथ समन्वय बैठक आयोजित की गई, जिसमें ऑपरेशन कवच के तहत पिछले नौ महीनों में किए गए कार्यों की समीक्षा की गई। साथ ही वर्तमान परिस्थितियों में बार्डर की सुरक्षा व्यवस्था, भविष्य की प्राथमिकताओं और क्रास बार्डर अपराधों की रोकथाम को लेकर रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।बैठक में विभिन्न अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने पर जोर दिया गया। इस अवसर पर सीओ सुजीत राय, सीओ मयंक द्विवेदी, सीओ पवीन प्रकाश, निरीक्षक नवीन कुमार सिंह, चौकी प्रभारी खुनुवा सुरेश यादव मौजूद रहे।


