फैजाबाद का सुजीत वर्मा अपनी पूर्व प्रेमिका को समझा बुझाकर उसके साथ घर बसाने के इरादे से हरिद्वार आया था। यह भी तय था कि युवती के मना करने पर वह मौत को गले लगाने के साथ-साथ युवती की जान लेने का इरादा भी पहले ही बना चुका था।
खुदकुशी में इस्तेमाल हुए 32 बोर के पिस्टल में पांच राउंड कारतूस बरामद हुए हैं। इससे साफ है कि युवती की जान बाल-बाल बची है। घटना के बाद युवती के चेहरे पर मौत का खौफ भी साफ तौर पर नजर आया।
दोनों के बीच चला आ रहा था प्रेम प्रसंग
रानीपुर कोतवाली क्षेत्र में फैजाबाद के सुजीत वर्मा ने जिस तरीके से खुद की कनपटी में गोली मारकर खुदकुशी की। पुलिस की पड़ताल में सामने आया है कि फैजाबाद में सुजीत और युवती के गांव में करीब 30 किलोमीटर का फासला है। दोनों के बीच प्रेम प्रसंग चला आ रहा था।
कुछ महीने पहले सुजीत और युवती घर से फरार हो गए थे। कई दिन बाद दोनों के स्वजन ने उन्हें ढूंढ लिया था। जिसके बाद आपसी रजामंदी से उनके बीच अलग होने का समझौता भी हो गया था।
युवती दोबारा सुजीत के संपर्क में न आ सके, इसलिए स्वजन ने उसे हरिद्वार में उसकी बड़ी बहन के घर छोड़ा हुआ था। लेकिन, ऐसा बताया गया है कि दोनों के बीच मोबाइल पर संपर्क बना हुआ था। हालांकि, यह युवती दोबारा सुजीत के साथ नहीं जाना चाहती थी और हमेशा के लिए उसे दूर होने का मन बना चुकी थी।
दूसरी तरफ सुजीत उसे अपनाना चाहता था और युवती को मनाने के लिए हरिद्वार पहुंचा था। पुलिस की पड़ताल में यह भी पता चला है कि सुजीत ने हरिद्वार शहर कोतवाली क्षेत्र में एक होटल में कई दिन से कमरा लिया हुआ था। शुक्रवार सुबह वह मिलने के लिए रानीपुर कोतवाली क्षेत्र में पहुंचा था। जहां उसने मनाने का प्रयास करते हुए युवती को अपने साथ चलने के लिए कहा, लेकिन युवती ने साफ इनकार कर दिया।
इसी बात को लेकर उनके बीच कहासुनी हुई। इस दौरान सुजीत गुस्से में आ गया उसने पिस्टल दिखाते हुए कहा कि या तो वह उसके साथ चले, नहीं तो वह अपनी जान दे देगा। सुजीत के हाथ में पिस्टल देखकर युवती के होश उड़ गए। उसने किसी तरह भागकर रानीपुर कोतवाली की गैस प्लांट चौकी में एक पुलिसकर्मी को पूरी कहानी बताई। पुलिस ने युवती से सुजीत का मोबाइल नंबर लेकर उसकी तलाश की, लेकिन जब तक वह सुजीत तक पहुंच पाते, उसने कनपटी पर गोली मारकर जान दे दी।
गन्ना तौल केंद्र पर ठेकेदारी करता था सुजीत
सुजीत फैजाबाद में गन्ना तौल केंद्र की ठेकेदारी करता था। खुदकुशी के बाद उसके मोबाइल पर हरिद्वार के होटल से काल आने पर पुलिस ने बातचीत की। तब पता चला कि उसने कई दिन से कमरा लिया हुआ था। यह भी पता चला है कि वह कई दिन से युवती से मिलने का प्रयास कर रहा था इसके लिए वह होटल से घंटे तक गायब भी रहता था। थक-हारकर फिर होटल पहुंच जाता था। यह भी सामने आया कि गुरुवार रात से वह होटल पर नहीं गया था।


