प्रमोशन या सजा? हिमाचल में महिला शिक्षकों की 300 किमी दूर तैनाती पर भड़का टीजीटी संघ, तबादला नीति लागू करने की गुहार

 राजकीय टीजीटी कला संघ ने 511 हेडमास्टर और 266 प्रवक्ताओं को प्रधानाचार्य पदोन्नति के बाद स्टेशन आबंटित करने के लिए आभार व्यक्त किया है।

संघ के प्रदेशाध्यक्ष सुरेश कौशल, उपाध्यक्ष विजय बरवाल और महासचिव विजय हीर सहित राज्य और जिला कार्यकारिणी ने प्रेस को बताया कि कुछ महिला शिक्षकों को तबादला नीति की धारा 3 और 5(2) के तहत राहत की उम्मीद थी, लेकिन उन्हें 300 किलोमीटर से अधिक दूरी पर तैनात किया गया है। जबकि नजदीकी जिलों में प्रिंसिपल पद अभी भी रिक्त हैं।

इस स्थिति में इन शिक्षकों के समायोजन पर विचार करने की आवश्यकता है। प्रदेश में हेडमास्टर के लगभग 600 पद रिक्त हैं, जिससे शिक्षा व्यवस्था में गंभीर दिक्कतें उत्पन्न होंगी। हेडमास्टर के 70 प्रतिशत पद एक साथ रिक्त हो गए हैं। ऐसे में 20 से 29 साल सेवाकाल के बावजूद प्रमोशन से वंचित पात्र शिक्षकों को तत्काल हेडमास्टर प्रमोट किया जाना चाहिए।

संघ ने स्कूल शिक्षा निदेशालय से अपील की है कि सभी शिक्षक वर्गों की लंबित पदोन्नति सूचियां पंचायती राज चुनाव आचार संहिता से पहले जारी की जाएं और अनुबंध कर्मचारियों का शीघ्र नियमितीकरण भी सुनिश्चित किया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *