पेट्रोल और शराब डालकर जलाई लाश फिर भी छूटा एक सुराग, कैसे एक बोतल के लेबल से आरोपित तक पहुंची आगरा पुलिस?

 प्रेम-प्रसंग में बाधक बने पति की पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर हत्या करा दी। शव पेट्रोल और शराब डालकर आग लगा दी। बुधवार की रात सैंया में खेत में मिले श्रमिक के अधजला शव का 24 घंटे में पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने पत्नी, प्रेमी और उसके मित्र को शुक्रवार गिरफ्तार कर लिया। पुलिस घटनास्थल पर मिली शराब की बोतल से मिले सुराग से हत्यारों तक पहुंची।

सैंया में श्रमिक हत्याकांड का पर्दाफाश, पत्नी, प्रेमी समेत तीन गिरफ्तार

सैंया थाना क्षेत्र में बजरंग धाम कॉलोनी के पीछे खेत में बुधवार रात अधजला शव मिला था। मरने वाले के हाथ पर लिखे सोमवती के नाम से शव की पहचान 39 वर्ष के लोकेंद्र निवासी खेरागढ़ मार्ग सैंया के रूप में हुई थी। श्रमिक लोकेंद्र अपनी पत्नी सोमवती और चार बच्चों के साथ रहता था। पुलिस को घटनास्थल से शराब की बोतल मिली थी।

लोकेंद्र के साथ दो युवकों को देखा गया था

प्रशिक्षु आईपीएस थाना प्रभारी सैंया अभय डागा ने बताया कि शराब की बोतल को लेबल से ट्रैक से किया। जिससे पता चला कि शराब सैंया के ठेके से खरीदी गयी है। पुलिस टीम ने ठेके के सीसीटीवी कैमरे चेक किए तो इसमें लोकेंद्र के साथ दो युवकों को देखा गया। दोनों की पहचान महेश और धर्मवीर के रूप में हुई। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर उन्होंने हत्या की बात कबूल की।

प्रेम-प्रसंग में बाधक था पति, शराब की बोतल और सीसीटीवी से मिला सुराग

महेश ने बताया कि वह साप्ताहिक हाट में कपड़ों की दुकान लगाता है। उसके और लोकेंद्र के घर लगे हुए हैं। उसका लोकेंद्र के यहां आना-जाना था। डेढ़ वर्ष पहले उसके और सोमवती के बीच प्रेम संबंध हो गए। छह महीने पहले लोकेंद्र को उनके संबंधों की जानकारी गयी। वह सोमवती पर रोक-टोक करने लगा। उसे अपने घर आने से मना कर दिया।

आए दिन झगड़ा होने पर सोमवती ने उसके साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची। बुधवार सुबह 11 बजे लोकेंद काम पर जाने को घर से निकला था। वह सोमवती से मिलने गया था। वहां बुधवार की रात को ही लोकेंद्र को रास्ते से हटाने का निर्णय लिया।

साजिश के तहत कॉल करके पार्टी के लिए बुलाया

साजिश के तहत वह अपने मित्र धर्मवीर के साथ बाइक से सैंया चौराहे पहुंचा। लोकेंद्र को भी काल करके पार्टी के बहाने वहां बुला लिया। तीनों सैंया में ठेके से शराब की बोतल लेकर आए। ग्वालियर हाईवे स्थित बजरंग धाम कॉलोनी के पीछे खेत में बैठकर शराब पी। इसी दौरान लोकेंद्र का गला घोटने का प्रयास किया तो वह भिड़ गया।

हाथों से घोंट दिया गला और लगा दी आग

धर्मवीर की मदद से उसे काबू करके हाथों से गला घोट दिया। शव पर बाइक से निकाला पेट्रोल, बची शराब व कूड़ा डालकर आग लगा दी थी। पुलिस ने हत्यारोपित महेश,धर्मवीर और लोकेंद्र की पत्नी सोमवती को गिरफ्तार कर लिया। प्रशिक्षु आइपीएस अभय डागा ने बताया कि तीनों आरोपितों के विरुद्ध हत्या, साक्ष्य नष्ट करने व आपराधिक साजिश की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

पिता की हत्या और मां को जेल, चाचा पर बच्चों की जिम्मेदारी

लोकेंद्र की सोमवती से 16 वर्ष पहले शादी हुई थी। दंपती के चार बच्चे हैं। बड़ा बेटा 15 वर्ष सबसे छोटी बेटी चार वर्ष की है। अवैध संबंधों ने चारों बच्चों से माता-पिता को छीन लिया। पिता की हत्या के बाद मां की गिरफ्तारी से चारों बच्चों का रोकर बुरा हाल था। मां के जेल जाने के बाद चारों बच्चो की जिम्मेदारी अब छोटे भाई शिवचरण पर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *