हिमाचल प्रदेश में एंट्री टैक्स पर बवाल के बीच जिला ऊना में प्रशासन ने मोर्चा संभाल लिया है। जिला में एंट्री टैक्स के विरोध को लेकर प्रस्तावित पंजाब प्रांत के धरने की चेतावनी के बाद हिमाचल पुलिस ने ट्रैफिक व्यवस्था संतुलन को लेकर बनाए गए रोड मैप के तहत स्थिति को नियंत्रित किया है। बुधवार को इस प्लान के तहत लाल बत्ती चौक पर पुलिस ट्रैफिक दल वाहनों को बकायदा कड़ी निगरानी में डायवर्ट किया जा रहा है।
लाल बत्ती चौक से मालवाहकों को मैहतपुर की बजाय संतोषगढ़ की ओर दिशा दी है। लाल बत्ती चौक पर सुबह 9 बजे से ही पुलिस दल तैनात कर दिया गया था।
मैहतपुर और बथड़ी में 40 से 50 प्रदर्शनकारी
मैहतपुर में 30 से 40 लोग प्रदर्शन कर रहे हैं, वहीं बथड़ी गढ़शंकर हाईवे पर 50 के करीब प्रदर्शकारी मौजूद हैं। हिमाचल और पंजाब पुलिस अलर्ट पर है।
एडीसी ने संभाला मोर्चा
एडीसी ऊना महिंद्र पाल गुर्जर ने बताया कि जिला में प्रशासन ने यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए रोडमैप तैयार किया है। विरोध प्रदर्शन के मद्देनजर ट्रैफिक रूट्स में बदलाव किया गया है। एडीसी ने बताया कि प्रदर्शन के दौरान मैहतपुर सीमा पर सड़क बंद रहेगी।
इन रूट पर करें यात्रा
एडीसी ने बताया कि नंगल और ऊना के बीच यातायात को अजोली मोड़, संतोखगढ़ और नगरां डीसी चौक के रास्ते डायवर्ट किया गया है। हिमाचल प्रदेश से पंजाब की ओर जाने वाले यातायात को भटोली चौक, भटोली रोड से नंगल की ओर मोड़ा गया है। यात्रियों को इन मार्गों का अनुसरण करने की सलाह दी गई है।


