चैट-जीपीटी का सहारा, नौकरी के साथ 4 घंटे पढ़ाई; 11वीं रैंक वाली मथुरा की नेहा तोमर ने बताई सफलता की कहानी

इस बार जिले के मेधावियों ने उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीसीएस 2024) की परीक्षा में शानदार प्रदर्शन किया। नेहा तोमर ने प्रदेश में 11वां स्थान प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया है। वर्तमान में भारतीय मौसम विभाग गुवाहाटी में सहायक वैज्ञानिक के पद पर कार्यरत नेहा ने पांचवें प्रयास में सफलता हासिल की है।

मौसम विज्ञानी नेहा ने तैयारी के लिए लिया एआई का सहारा

शहर के वेस्ट प्रतापनगर महोली रोड निवासी नेहा तोमर अधिवक्ता प्रदीप तोमर व पूर्व शिक्षिका कृष्णा तोमर की पुत्री हैं। उनके भाई रजत ओएनजीसी में प्रोजेक्ट मैनेजर हैं। चार नवंबर 2022 में उनकी शादी बलदेव के गढ़ी नाहर मगना निवासी रक्षा मंत्रालय में सेक्शन आफिसर धीरज कुमार सोलंकी के साथ हुई।

पति दो बार मुख्य परीक्षा कर चुके हैं पास

नेहा ने रमनलाल शेरावाला पब्लिक स्कूल से शिक्षा पूरी करने के बाद जीएलए से बीटेक व सचदेवा से एमटेक की डिग्री हासिल की। नेहा ने बताया, वह वर्ष 2019 से ही पीसीएस की तैयारी में जुटी थीं। उनके पति धीरज दो बार यूपीएससी की मुख्य परीक्षा उत्तीर्ण कर चुके थे, लेकिन साक्षात्कार में सफलता नहीं मिली। सफलता में मायके व ससुराल दोनों ही पक्षों ने उनका सहयोग किया, लेकिन उनके पति ने तैयारी करने में उनका बहुत सहयोग किया।

चैट, जीपीटी का सहारा लिया

नेहा ने खुद ही तैयारी की, चैट जीपीटी का सहारा लिया। नाैकरी के साथ प्रतिदिन चार घंटे पढ़ाई की। कविता लिखने की शौकीन नेहा ने युवाओं को बताया अच्छी पाठ्य सामग्री का चुनाव कर नोट्स बनाएं और नियमित अभ्यास करें। सफलता पर नेहा का ग्रामीण वीरेंद्र सिंह टीटी, महावीर सिंह, रमेश सिंह, विजय पाल सिंह, कालीचरण प्रधान ने ढोल-नगाड़ों के साथ जोरदार स्वागत किया।

शुभम चतुर्वेदी बनेंगे प्रशासनिक अधिकारी

शहर के चौबिया पाड़ा महौली की पौर के शुभम चतुर्वेदी ने पीसीएस में सफलता प्राप्त की। श्रद्धा और मनोज चतुर्वेदी के पुत्र शुभम की उपलब्धि पर क्षेत्रवासियों में हर्ष का माहौल है। शुभम की प्रारंभिक शिक्षा परमेश्वरी देवी धानुका विद्यालय से हुई। एनआइटी दुर्गापुर से उन्होंने इंजीनियरिंग की डिग्री हासिल की। उनके बड़े भाई और भाजपा नेता अनुराग चतुर्वेदी ने बताया कि शुभम बचपन से ही मेधावी रहे हैं

वेदिका बनीं असिस्टेंट कमिश्नर

वेदिका अग्रवाल ने पीसीएस की परीक्षा में सफलता प्राप्त कर असिस्टेंट कमिश्नर (कमर्शियल टैक्स) के पद पर जगह बनाई है। महाविद्या कालोनी निवासी सुनील अग्रवाल और सुमन अग्रवाल की पुत्री वेदिका की उपलब्धि से पूरे परिवार और क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। वेदिका ने बीएसए कालेज से बीएससी की। उन्होंने बताया कि वह नियमित रूप से सात घंटे और परीक्षा के दौरान 10 से 13 घंटे पढ़ाई करती थीं। सफलता का श्रेय स्वजन व गुरुओं को दिया।

जमालपुर के मनीष बने तहसीलदार

फरह के गांव जमालपुर निवासी मनीष का चयन तहसीलदार के पद पर हुआ है। लाखन सिंह के पुत्र मनीष ने उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की परीक्षा पास की है, उनकी 159 वीं रैंक आई है। उनके पिता लाखन सिंह ने बताया कि मनीष ने हाईस्कूल दीनदयाल धाम स्थित सरस्वती विद्या मंदिर, इंटरमीडिएट ज्ञानदीप स्कूल व बीटेक बुंदेलखंड विश्वविद्यालय झांसी से किया। मनीष के बाबा बंगाली सिंह लगातार 25 साल तक गांव के प्रधान रहे, अब वर्तमान में मनीष की भाभी बृजेश गांव की प्रधान हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *