हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा में पति ने पत्नी की हत्या कर दी। जयसिंहपुर के कुटाहन गांव में 32 वर्षीय महिला कालटी देवी का पति सन्नी ने तेजधार हथियार से गला काट दिया। हत्या को अंजाम तब दिया गया जब महिला सो रही थी। महिला के तीन बच्चे हैं, दो लड़के व एक लड़की।
घटना के समय लड़की मां के साथ ही सोई हुई थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी व आरोपित को हिरासत में ले लिया। डीएसपी बैजनाथ संदीप शर्मा व फोरेंसिक टीम भी घटना स्थल पर पहुंच गए थे।
आरोपित के भाई ने बताया परेशान था सन्नी
मृतका के परिजन जो बरोट के रहने वाले हैं मौके पर पहुंचे व आरोपितों को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की। आरोपित के भाई की माने तो वह पिछले तीन-चार दिन से काफ़ी परेशान था।
झाड़-फूंक करवाने गया था आरोपित
प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपित सोमवार रात को अपने भाई के साथ झाड़-फूंक करवाने के लिए कहीं गया हुआ था व वहां से रात 12 बजे वह अपनी पत्नी काल्टी को लेकर अपने भाई के घर जो कुटाहण में रहता है, उसके पास चला गया।
साढ़े तीन बजे कुल्हाड़ी से काट डाली पत्नी
साढ़े तीन बजे के करीब आरोपित ने अपनी पत्नी पर कुल्हाड़ी से वार कर मौत के घाट उतार दिया। आरोपित के भाई ने बताया कि मृतका की बेटी जो उसके साथ सोई हुई थी, उसने मुझे उठाकर बताया कि मम्मी को काट दिया है। इसके बाद तुरंत पुलिस को फोन कर दिया।
पुलिस कर रही जांच
पुलिस को सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पंहुच गई व आरोपित को हिरासत में ले लिया। आरोपित मूलत: बैजनाथ के बीड़ का रहने वाला है, लेकिन उसका परिवार पिछले कई दशकों से लंबागांव में रहता है। पुलिस ने आगामी कार्रवाई आरंभ कर दी है।


