भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आइटीबीपी) ने 2020 से भारत-चीन सीमा पर 29 नई चौकियां स्थापित कर अपनी उपस्थिति मजबूत की है। यह 3,488 किलोमीटर लंबी सीमा पर व्यापक सुरक्षा व्यवस्था का हिस्सा है।
गृह मंत्रालय द्वारा जारी 2024-25 की रिपोर्ट में कहा गया है कि नई सीमा चौकियां (बीओपी) हिमालय के पश्चिमी, मध्य और पूर्वी क्षेत्रों में 9,000 फीट से 18,750 फीट की ऊंचाई तक फैली हुई हैं, जो लद्दाख के काराकोरम दर्रे से लेकर अरुणाचल प्रदेश के जाचेप ला तक जाती हैं।
रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि आइटीबीपी की कुल 209 बीओपी हैं। मंत्रालय की 2020-21 की पिछली रिपोर्ट के अनुसार, आइटीबीपी द्वारा बीओपी की संख्या 180 थी।
इसी रिपोर्ट में कहा गया है कि बीओपी की संख्या में यह वृद्धि 2020 में गलवान घाटी में भारतीय और चीनी सैनिकों के बीच हुई झड़प के बाद हुई है। नवीनतम रिपोर्ट के अनुसार, आइटीबीपी ने अप्रैल से दिसंबर 2024 तक भारत-चीन सीमा पर कड़ी निगरानी रखने के लिए 4,503 गश्तें कीं।


