कांगो ने उज्बेकिस्तान को मात देकर रचा इतिहास, पहली बार बनाई नॉकआउट में जगह

1225 Shares

 डीआर कांगो ने रविवार को फीफा वर्ल्ड कप-2026 के ग्रुप-के के मैच में उज्बेकिस्तान को 3-1 से मात देकर इतिहास रच दिया है। इस जीत के साथ ही टीम ने पहली बार राउंड ऑफ 32 में जगह बनाई है। नॉकआउट दौर में उसका सामना इंग्लैंड से होगा।

दूसरी बार वर्ल्ड कप खेल रही कांगो की टीम ने एक गोल से पिछड़ने के बाद ये मुकाम हासिल किया। 1974 के बाद कांगो पहली बार वर्ल्ड कप खेल रही है और उसने दमदार खेल से नॉकआउट दौर में जगह बना सभी को हैरान कर दिया। किसी को उम्मीद नहीं थी कि ये टीम अगले दौर में जाएगी और इस मैच में उज्बेकिस्तान की टीम भी फेवरेट मानी जा रही थी।

पहले हाफ में थी पीछे

इस मैच का पहला गोल उज्बेकिस्तान के इल्डोर शोमुरोडोव ने किया। कांगो के डिफेंस में गलती हुई। एक्सेल टूएनजेबे और एरॉन वान विसाका के बीच सही संतुलन नहीं बैठा और गेंद गई इल्डोर के पास जिन्होंने कांगो के गोलकीपर के सिर के ऊपर से गेंद को नेट में डाल अपनी टीम का खाता खोला। पहले हाफ में उज्बेकिस्तान की टीम कांगो पर हावी थी और उसने कई बार मौके भी बनाए जो अंजाम तक नहीं पहुंच सके।

कांगो ने पहले हाफ में गोल कर ही दिया था, लेकिन रेफरी ने फाउल दे दिया और कांगो के हाथ से मौका चला गया।

दूसरे हाफ में दिखाया दम

दूसरे हाफ में कांगो की टीम पहले ज्यादा ऊर्जा के साथ उतरी क्योंकि उसे पता था कि अगर इतिहास रचना है तो इस मैच से तीन अंक लेने ही होंगे। किस्मत ने भी उसका थोड़ा साथ दिया। 68वें मिनट में कांगो को पेनाल्टी मिली और इस पर योआने विस्सा ने गोल करते हुए स्कोर बराबरी पर ला दिया। 10 मिनट बाद फिस्टन मायेले ने कांगो के लिए दूसरा गोल कर दिया। यहां मायेले ने उज्बेकिस्तान के दो डिफेंडरो को छकाते हुए गेंद को नेट में डाला।

दूसरे गोल के बाद कांगो की टीम हावी हो गई थी और उसे जीत की महक आने लगी थी। 90 मिनट की सीटी बचने पर कांगो 2-1 से आगे थी। फिर रेफरी ने अतिरिक्त समय दिया जिसमें विस्सा ने एक और गोल कर स्कोर 3-1 कर कांगो की जीत दिलाई। कांगो ने अपने ग्रुप में तीसरे स्थान पर रहते हुए अगले दौर का टिकट कटाया है। वह सभी ग्रुपों को मिलाकर तीसरे स्थान पर रहने वाली आठ सर्वेश्रेष्ठ टीमों में शामिल है और इसी कारण अगले दौर में पहुंची है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *