चंडीगढ़ में 27 मार्च के एयर शो की सभी टिकटें बिकीं, सुखना लेक पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम; प्राइवेट गाड़ियों की एंट्री पर रोक

चंडीगढ़ के सुखना लेक पर 27 और 28 मार्च को होने वाले सूर्य किरण एरोबेटिक टीम सिविल एयर शो के लिए बुकिंग मंगलवार से आरंभ हो गई है। पहले दिन 27 को होने वाले शो की सभी टिकटें बिक गई हैं। इस शो को देखने के लिए लोगों में उत्साह का माहौल है।

इस संबंध में मुख्य सचिव एच राजेश प्रसाद ने एक बैठक आयोजित की, जिसमें चंडीगढ़ प्रशासन, पुलिस विभाग, नगर निगम, स्वास्थ्य विभाग, अग्निशमन सेवाएं, भारतीय वायु सेना तथा अन्य संबंधित विभागों और एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में यह निर्णय लिया कि लोगों की सुविधा के लिए शहर के सात निर्धारित पिक-अप और ड्रॉप पाइंट्स से सीटीयू बसों की व्यवस्था की जाएगी।

आम जनता को सलाह दी गई है कि वे केवल अपने पास पर उल्लिखित निर्धारित स्थानों से ही बसों में सवार हों। यहां पर लोग अपने निजी वाहन पार्क कर सकते हैं। बसों की अंतिम पिक-अप समय सुबह 9 बजे निर्धारित किया है। प्रशासन के अनुसार, एयर शो में प्रवेश पास के जरिए होगा, जो चंडीगढ़ टूरिज्म एप पर प्रति व्यक्ति 100 रुपये शुल्क पर उपलब्ध होंगे। प्रतिदिन आयोजन स्थल सुखना झील की क्षमता 10 हजार दर्शकों तक सीमित रखी गई है।

सुखना झील के आसपास निजी वाहनों के प्रवेश पर रोक

यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए सुखना झील के आसपास निजी वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। पिकअप प्वाइंट्स में मनीमाजरा रेलवे स्टेशन, मनीमाजरा दशहरा ग्राउंड, सेक्टर-17 परेड ग्राउंड, सेक्टर-25 रैली ग्राउंड, सेक्टर-34 मेला ग्राउंड, कलाग्राम और आइटी पार्क शामिल हैं। मुख्य सचिव ने आगंतुकों से अनुरोध किया है कि वे 6 वर्ष से कम आयु के बच्चों को साथ न लाएं, केवल पारदर्शी पानी की बोतलें ही रखें और किसी भी प्रकार का खाद्य पदार्थ साथ लाने से बचें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *