झारखंड के चतरा में महुआ चुनने गई महिला की हत्या, टांगी से काटकर उतारा मौत के घाट

 सदर थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। महुआ चुनने गई एक महिला की बेरहमी से हत्या कर दी गई। अज्ञात अपराधियों ने महिला को टांगी से काटकर मौत के घाट उतार दिया।

घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है, वहीं परिजनों में भारी आक्रोश व्याप्त है। मृतका की पहचान शहर के किशुनपुर मोहल्ला निवासी शीतल यादव की करीब 50 वर्षीय पत्नी गीता देवी के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, सोमवार की अपराह्न लगभग तीन बजे गीता देवी घर से जंगल की ओर महुआ चुनने के लिए निकली थीं। देर शाम तक जब वह घर वापस नहीं लौटीं तो परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई।

चिंतित परिजन रात में ही उनकी तलाश में जंगल की ओर निकले। काफी खोजबीन के बाद रात करीब एक बजे उनका शव जंगल में एक महुआ पेड़ के नीचे पड़ा मिला।

शव पर टांगी से किए गए कई गहरे वार के निशान मिले हैं, जिससे हत्या की बर्बरता का अंदाजा लगाया जा सकता है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है और हत्या के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।

इधर, इस जघन्य वारदात के बाद परिजनों में रोष है। उन्होंने जल्द से जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *