सिंगरौली। जिले के नवानगर थाना पुलिस ने एनसीएल ईस्ट खदान क्षेत्र में चोरी की वारदात को अंजाम दे रहे एक आरोपी को पकड़कर बोलेरो वाहन सहित डोजर के तीन रोलर जब्त किए। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार 22 मार्च 2026 को फरियादी आशीष श्रीवास्तव की रिपोर्ट पर एनसीएल ईस्ट खदान के पैकेज-बी के पास बोलेरो क्रमांक MP66ZB6998 से डोजर के तीन रोलर चोरी कर ले जाए जा रहे थे। पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक विन्ध्यनगर उमेश कुमार प्रजापति के नेतृत्व में नवानगर थाना पुलिस ने मौके पर वाहन चालक लालबाबू सिंह को पकड़ लिया। आरोपी के कब्जे से करीब 15 हजार रुपये कीमत के तीन डोजर रोलर बरामद किए गए।
पुलिस ने बोलेरो वाहन सहित चोरी का सामान जब्त कर आरोपी के खिलाफ थाना नवानगर में अपराध क्रमांक 0054/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया है।
सराहनीय भूमिका:- निरीक्षक डॉ. अनिल कुमार पटेल, उपनिरीक्षक अरविंद चतुर्वेदी, प्रधान आरक्षक मोहित सिंह, प्रधान आरक्षक प्रवीण सिंह, आरक्षक दिलीप धाकड़, विकास तोमर तथा अमृत राजपूत की सराहनीय भूमिका रही।


