बदायूं में टावर पर चढ़े पूर्व पार्षद बजिय बाबू, प्रशासन पर लगाए उत्पीड़न के आरोप

 बिसौली नगर पालिका के पूर्व सभासद विजय बाबू कोरी तहसील प्रशासन से नाराज होकर सोमवार को एक बार फिर मोबाइल टावर पर चढ़ गए। बताया जा रहा है कि उनकी खरीदी हुई जमीन का दाखिल-खारिज निरस्त किए जाने और निजी भूमि पर बाउंड्रीवाल निर्माण रोके जाने से वह आक्रोशित हैं।

जमीन का चल रहा है विवाद

स्वजन के अनुसार विजय बाबू ने करीब चार वर्ष पूर्व वजीरगंज कस्बे के हतरा रोड पर लगभग छह बीघा जमीन खरीदी थी। बैनामा के बाद उन्होंने विधिवत दाखिल-खारिज भी करा लिया था, लेकिन जब वह जमीन पर निर्माण कार्य शुरू करने पहुंचे तो सहखातेदारों ने आपत्ति जताते हुए काम रुकवा दिया। इसके बाद मामला विवादित हो गया।

चार साल से कोई स्थाई राहत नहीं मिली

बताया जा रहा है कि बीते चार वर्षों में इस मामले में कई बार आदेश हुए और निरस्त भी किए गए, लेकिन विजय बाबू को कोई स्थायी राहत नहीं मिल सकी। आरोप है कि तहसील प्रशासन ने उनका दाखिल-खारिज भी निरस्त कर दिया, जिससे उनकी परेशानी और बढ़ गई। साथ ही, उन्हें लगातार तारीख पर तारीख मिलने की बात भी सामने आई है।

सत्ताधारी लोगों का समर्थन का लगाया आरोप

विजय बाबू का आरोप है कि विपक्षी पक्ष को सत्ताधारी लोगों का समर्थन प्राप्त है, जिसके चलते उनकी सुनवाई नहीं हो रही है। इसी से क्षुब्ध होकर वह पूर्व में सितंबर माह में भी टावर पर चढ़ गए थे। छह माह बाद भी समस्या का समाधान न होने पर सोमवार सुबह वह छाता और पानी लेकर दोबारा टावर पर चढ़ गए और देर तक नीचे नहीं उतरे।

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए और उन्हें सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास कर रहे हैं। इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *