पंजाब में एक वेयरहाउस अधिकारी की आत्महत्या के मामले ने बड़ा सियासी रूप ले लिया है। विवादित वीडियो सामने आने के बाद मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कैबिनेट मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर से इस्तीफा ले लिया है। साथ ही मामले की निष्पक्ष जांच के आदेश भी जारी कर दिए गए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, पंजाब राज्य वेयरहाउस निगम के जिला प्रबंधक गगनदीप सिंह रंधावा, जो इन दिनों अमृतसर में तैनात थे, ने जहरीली दवा निगलकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या से पहले उन्होंने एक वीडियो बनाकर इंटरनेट माध्यम पर साझा किया, जिसमें उन्होंने गंभीर आरोप लगाए।
वीडियो में गगनदीप सिंह रंधावा ने कहा कि उन्होंने जहरीली दवा खा ली है। सूत्रों के अनुसार, विभाग के पास एक गोदाम के लिए स्थान देने का प्रस्ताव आया था। जांच के दौरान विभागीय टीम ने पाया कि प्रस्तावित जगह के ऊपर से उच्च वोल्टेज की बिजली की तारें गुजर रही हैं, जो सुरक्षा के लिहाज से उचित नहीं थीं। इसी आधार पर विभाग ने उस प्रस्ताव को रद्द कर दिया था।
मंत्री पर दबाव बनाने का आरोप
बताया जा रहा है कि शुक्रवार को अमृतसर दौरे के दौरान मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर ने इस मामले को लेकर जिला प्रबंधक पर कथित रूप से दबाव बनाया। इससे आहत होकर गगनदीप सिंह रंधावा ने यह कदम उठाया।
घटना के बाद पूरे प्रदेश में हड़कंप मच गया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मंत्री से इस्तीफा ले लिया और मुख्य सचिव को पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के निर्देश दिए हैं।
सीएम के दखल देने के बाद जांच शुरू
उन्होंने साफ कहा है कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या दबाव की राजनीति को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वहीं, मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनका फोन नहीं उठाया गया। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मामले की जांच में जुटे हैं और वीडियो की सत्यता सहित सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।


