गुरुग्राम के वीआइपी सेक्टर-56 में बदहाल सुविधाएं, सीवर ओवरफ्लो और टूटी सड़कें बनीं मुसीबत

शहर के सबसे महंगे और वीआइपी माने जाने वाले सेक्टरों में शामिल सेक्टर-56 के निवासी मूलभूत सुविधाओं के लिए तरस रहे हैं। इलाके में सीवर ओवरफ्लो, टूटी सड़कों, खराब सफाई व्यवस्था और पेयजल आपूर्ति की समस्या ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। कई स्थानों पर सीवर का पानी सड़कों पर भरा रहता है, जिससे बदबू फैल रही है और लोगों का घरों से निकलना भी मुश्किल हो गया है।

सेक्टर-56 में हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) के प्लाट के साथ-साथ कई बड़ी और आलीशान सोसायटियां भी स्थित हैं, लेकिन सुविधाओं के नाम पर स्थिति बदहाल है। सीवर लाइन की नियमित सफाई नहीं होने के कारण कई जगह सीवर ओवरफ्लो हो रहा है और गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है। निवासियों का कहना है कि कई वर्षों से नगर निगम को शिकायतें दी जा रही हैं, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया।

सड़कों की हालत भी बेहद खराब है। सेक्टर की कई सड़कें जर्जर हो चुकी हैं, जिससे धूल उड़ती रहती है और प्रदूषण बढ़ता है। कई जगह पानी की पाइपलाइन भी टूटी हुई है, जिससे पेयजल सड़कों पर बहता रहता है। नियमित सफाई नहीं होने से भी सेक्टर की स्थिति और खराब होती जा रही है।

सीवर लाइन की सफाई के लिए कई बार कनिष्ठ अभियंता से लेकर कार्यकारी अभियंता तक शिकायत कर चुके हैं लेकिन कोई सुनवाई नहीं होती। जर्जर सड़कों से उड़ने वाली धूल भी प्रदूषण बढ़ा रही है, लेकिन इस ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *