EV में शॉर्ट सर्किट और फटने लगे गैस सिलिंडर, इंदौर में कैसे एक चिंगारी से चली गई आठ लोगों की जान

मध्य प्रदेश के इंदौर के प्रीति नगर में ईवी चार्जिंग के दौरान हुए शॉर्ट सर्किट के बाद लगी आग ने आठ लोगों की जान ले ली। शार्ट सर्किट के बाद आग पूरे घर में तेजी से फैल गई और घर में रखे एलपीजी सिलिंडर भी इसकी चपेट में आ गए। एक के बाद एक सिलिंडर फटने लगे, जिससे आग और भड़क उठी।

घर के अंदर मौजूद लोग जब तक बाहर निकलने की कोशिश करते, तब तक लपटों के बीच घिर चुके थे। आग इतनी तेजी से फैली कि 8 लोग जिंदा जल गए और तीन लोग गंभीर रूप से झुलस गए।

पड़ोसियों के बचाने की कोशिश नाकाम

मकान मालिक मनोज पुगलिया के घर आग लगते ही आसपास के लोग मदद के लिए दौड़ पड़े। कुछ लोगों ने बाल्टियों में पानी लेकर आग बुझाने की कोशिश की। इसी दौरान घर के अंदर गैस सिलिंडरों में धमाके होने लगे, जिससे पड़ोसी डर गए और पीछे हट गए। कुछ लोग मनोज पुगलिया और उनके परिवार वालों को आवाज लगाते रहे, लेकिन तब तक आग ने अंदर फंसे आठ लोगों की जान ले ली थी।

घर आए हुए थे मेहमान

मनोज पुगलिया के घर कुछ मेहमान भी ठहरे हुए थे। वे यहां एक कार्यक्रम में शामिल होने इंदौर आए थे। मेहमान भी आग की चपेट में आ गए। एसडीआरएफ और फायर ब्रिगेड की टीम ने तीन घायलों सहित 7 शवों को बाहर निकाला। बाद में एक बच्चे का शव भी बरामद हुआ, जो इतना बुरी तरह जल चुका था कि उसे पोटली में बांधकर बाहर लाया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *