हिमाचल प्रदेश में मौजूदा वित्त वर्ष के दौरान सरकार ने विधायकों को मिलने वाली विधायक क्षेत्र विकास निधि की दो किस्तें जारी कर दी हैं, जबकि तीसरी और चौथी किस्त अभी लंबित हैं। प्रदेश के कई विधायक इन किस्तों को जारी करने का आग्रह कर रहे हैं। अब तीसरी किस्त से संबंधित फाइल मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सुक्खू के पास पहुंच गई है।
मुख्यमंत्री ने पहले ही स्पष्ट किया है कि सरकार की वित्तीय स्थिति संतोषजनक नहीं है। जैसे ही स्थिति में सुधार होगा, विधायकों को तीसरी और चौथी किस्त जारी कर दी जाएगी।
विधायक प्राथमिकता बैठक में भी उठा था मुद्दा
हाल ही में विधायक प्राथमिकता बैठक में भी विधायकों ने इस निधि को जारी करने की मांग की थी। विधानसभा के मानसून और शीतकालीन सत्र में विपक्षी भाजपा विधायकों ने इस मुद्दे को उठाया था। उनका तर्क था कि विधानसभा क्षेत्र में लोगों, संस्थाओं, पंचायतों, युवक मंडलों और महिला मंडलों को राशि जारी करने संबंधी पत्र महीनों पहले जारी किए गए थे। लोग बार-बार राशि न मिलने की शिकायत लेकर विधायकों के पास पहुंच रहे हैं।
दो किस्त ही की हैं जारी
वित्तीय संकट के बीच प्रदेश सरकार ने विधायकों को 55 लाख रुपये की दो किस्त जारी की हैं। प्रत्येक विधायक को वार्षिक चार किस्तों में 2.20 करोड़ रुपये विधायक क्षेत्र विकास निधि के रूप में मिलते हैं। प्रदेश में पिछले तीन वर्षों से प्राकृतिक आपदा और बाढ़ की स्थिति को देखते हुए सरकार ने तीसरी किस्त जारी करने का भरोसा दिया है।


