अंशुल की आधार कार्ड डिटेल पर परीक्षा दे रहा था चिंटू कुमार, इस कारण खुल गई उसकी पोल

रामपुर मनिहारान थाना क्षेत्र स्थित गोचर महाविद्यालय परीक्षा केंद्र पर द्वितीय पाली के दौरान बायोमैट्रिक और आयरिस मिलान में गड़बड़ी सामने आई। जांच के दौरान परीक्षा दे रहे युवक को रोक लिया गया।

पड़ताल में पता चला कि रोल नंबर के आधार पर परीक्षा दे रहा युवक चिन्टू कुमार पुत्र हीरालाल निवासी परतापुर थाना पिलखुआ जनपद हापुड़ है, जबकि बायोमैट्रिक सत्यापन में उसकी पहचान अंशुल पुत्र जसवीर सिंह के रूप में सामने आई।

पूछताछ में आरोपित ने बताया कि उसने सेना भर्ती के लिए अपने आधार कार्ड में नाम, पिता का नाम और जन्मतिथि बदलवा ली थी और उसी पहचान के आधार पर परीक्षा देने पहुंचा था। इससे पूर्व इसी पहचान के आधार पर वह अग्निवीर परीक्षा भी दे चुका था। उसने यह कदम भर्ती के लिए उम्र अधिक होने के कारण उठाया था।

पुलिस उपाधीक्षक (यातायात) शशिप्रकाश शर्मा की तहरीर पर थाना रामपुर मनिहारान में आरोपित के खिलाफ धोखाधड़ी सहित संबंधित धाराओं में कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

ओएमआर शीट बदलकर नकल करने के मामले में पकड़े गए दोनों सिपाहियों को भेजा गया जेल

उधर एसआइ भर्ती परीक्षा देने के दौरान ओएमआर शीट बदलकर नकल करने के मामले में पकड़े गए दोनों आरोपित सिपाहियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेजा गया है। इसके साथ ही सहारनपुर पुलिस बिजनौर व मुरादाबाद एसएसपी को पत्र लिखकर उन पर कार्रवाई करने के लिए पत्र भी लिखेगी।उत्तर प्रदेश पुलिस एसआइ लिखित भर्ती परीक्षा की पहली पाली में शनिवार को राजकीय कन्या इण्टर कालेज लिंक रोड पर अभिषेक पुत्र जयवीर सिंह निवासी किशनपुर बराल थाना रमाला जनपद बागपत व रोबिन खोखर पुत्र उमेश कुमार निवासी मुहल्ला बंगला छपरौली थाना छपरौली जनपद बागपत को ओएमआर शीट बदलकर नकल करते हुए केंद्र व्यवस्थापिका व प्रधानाचार्य अनिता सिंह ने पकड़ा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *