लखनऊ के पास के जिलों में तेज हवा के साथ Rain ने बढ़ाई किसानों की मुश्किल, दो की मौत

 पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बाद अवध क्षेत्र में भी मौसम ने करवट ले ली है। लखनऊ के पास के जिलों मे तेज हवाओं के साथ बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है।

अभी इसी तरह को खराब मौसम दो दिन और रहने की संभावना है। गोंडा, बलरामपुर, बहराइच, हरदोई और सीतापुर में मौसम खराब हो गया है। सीतापुर में आकाशीय बिजली गिरने से एक महिला की मौत हो गई और एक अन्य बुरी तरह से झुलस गई है। हरदोई में भी एक पुरुष की मृत्यु हो गई है।

पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के कारण प्रदेश में मौसम अचानक बदल गया। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बाद अवध क्षेत्र में तेज हवा और बारिश के कारण काफी नुकसान होने की संभावना है। इस बदले मौसम ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। तेज हवा के साथ हल्की बारिश से नुकसान की आशंका है और इसके कारण तापमान में गिरावट आई है।

गोंडा में रविवार को दिन में गरज-चमक और तेज हवा के साथ बारिश हुई। बारिश के कारण बेलसर व परसपुर में सरसों की फसल गिर गई और तापमान में भी गिरावट आई है। सरसों समेत अन्य फसलों की मड़ाई भी प्रभावित हुई है। आसमान में बादल छाए हुए हैं।

वरिष्ठ वैज्ञानिक डा. उपेंद्रनाथ सिंह ने बताया कि 16 व 17 मार्च को भी बारिश की संभावना है। जिले के पांच लाख किसानों ने दो लाख हेक्टेयर में गेहूं, सरसो, मक्का, तोरिया की बोआई की है। तेज हवा के चलने से आम के फल भी गिरे हैं।

बहराइच में सुबह से बदली छाई हुई है। रुक रुककर तेज हवा चलने के साथ बूंदाबांदी भी हो रही है। सुलतानपुर में मौसम सामान्य है। आसमान में छिटपुट बादल छाए हैं। मध्यम गति से पुरवाई हवा बह रही है।

हरदोई में बिजली गिरने से किसान की मौत, तीन झुलसे

हरदोई के अरवल थाना क्षेत्र के अंतर्गत खैरूद्दीनपुर राजा साहब गांव में रविवार को प्रकृति का कहर टूटा। यहां खेत में काम कर रहे एक किसान की बिजली गिरने से मौत हो गई, जबकि उनके दो मासूम बेटे गंभीर रूप से झुलस गए। दोनों बच्चों का अस्पताल में उपचार जारी है, जहाँ उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।
किसान अवधेश सिंह रविवार सुबह अपने दोनों बेटों के साथ खेत पर गए थे। सुबह करीब 11 बजे अचानक मौसम का मिजाज बदल गया। बारिश की आशंका को देखते हुए अवधेश सिंह अपने बेटों के साथ खेत में खुदी पड़ी आलू की फसल को पन्नी से ढंकने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली सीधे उन पर गिर गई। बिजली गिरने से अवधेश सिंह और उनके दो बेटे, शोभित (11 वर्ष) और अमन (8 वर्ष), बुरी तरह झुलस गए।

मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने आनन-फानन में तीनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हरपालपुर पहुँचाया। जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद अवधेश सिंह को मृत घोषित कर दिया। वहीं, दोनों मासूमों की गंभीर हालत को देखते हुए उनका इलाज शुरू किया गया। अवधेश सिंह पत्नी स्नेहलता और छह पुत्रों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। हरपालपुर के प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र कुमार पंकज ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया हैं। अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *