समस्तीपुर में पारा मेडिकल छात्र निलेश झा हत्याकांड में तीन हिरासत में, एक आरोपी गिरफ्तार

 जिले के विद्यापतिनगर थाना क्षेत्र में पारा मेडिकल के छात्र निलेश कुमार झा की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीन अन्य लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है।

जानकारी के अनुसार विद्यापतिनगर थाना क्षेत्र के मऊ धनेशपुर उत्तर पंचायत के वार्ड संख्या 5 निवासी पप्पू झा के पुत्र निलेश कुमार झा की हत्या के बाद पुलिस ने शनिवार देर रात तक लगातार छापेमारी की। दलसिंहसराय के पुलिस उपाधीक्षक विवेक कुमार शर्मा के नेतृत्व में टीम ने घटनास्थल की जांच की और वहां से एक खोखा भी बरामद किया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल की टीम भी रात में ही मौके पर पहुंची और क्राइम सीन का निरीक्षण करते हुए आवश्यक नमूने एकत्र किए।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मऊ धनेशपुर उत्तर पंचायत के वार्ड संख्या 6 निवासी सुबोध साह के पुत्र सुशांत कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। इसके अलावा राजू चौधरी, सुबोध साह और अंकित कुमार को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है।

इधर घटना से आक्रोशित लोगों ने रविवार तड़के मऊ लंगड़ा ढाला के पास एनएच 122 बी को जाम कर दिया और मऊ बाजार को बंद करा दिया। स्थानीय लोगों ने जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की।

इस संबंध में एसडीपीओ विवेक कुमार शर्मा ने बताया कि पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *