कानपुर और प्रतापगढ़ तक चलाई गईं मुख्यमंत्री जनता सेवा बसें, 20 प्रतिशत कम देना होगा क‍िराया

जिले में संचालित मुख्यमंत्री जनता सेवा बसों की समय सारणी में परिवहन निगम ने संशोधन किया है। अब यात्रियों की सुविधा और निगम की आय बढ़ाने के लिए इन बसों का विस्तार कानपुर और प्रतापगढ़ तक किया गया है। परिवहन निगम के अनुसार, जनता सेवा के लिए निर्धारित मूल रूटों पर यात्रियों को पहले की तरह ही 20 प्रतिशत कम किराया देना होगा।

जब ये बसें रायबरेली से आगे कानपुर या प्रतापगढ़ के लिए चलेंगी तो यात्रियों से सामान्य बसों की तरह ही पूरा किराया लिया जाएगा। निगम ने यह निर्णय न्यूनतम लोड फैक्टर (सवारियों की संख्या और आय) को सुधारने के लिए लिया है। वर्तमान में रायबरेली से खीरों, सरेनी मार्ग और सिरसाघाट रूट पर ये बसें चलाई जा रही हैं।

नई व्यवस्था के तहत दोनों बसें प्रतिदिन शाम साढ़े पांच बजे रायबरेली से रवाना होंगी और रात में सरेनी व सिरसाघाट पर रुकेंगी। अगले दिन सुबह साढ़े सात बजे ये बसें वापस रायबरेली आएंगी। रायबरेली पहुंचने के बाद इनमें से एक बस कानपुर और दूसरी प्रतापगढ़ के लिए प्रस्थान करेगी। जिनका संचालन शुरु कर दिया गया है।

क्षेत्रीय प्रबंधक अमरनाथ सहाय का कहना है कि इन रूटों पर कम किराये के कारण आय प्रभावित हो रही थी। निगम की आय को संतुलित रखने और यात्रियों को लंबी दूरी की कनेक्टिविटी देने के लिए यह संशोधित समय सारणी जारी की गई है। बसों का संचालन शुरु कर दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *