‘मम्मी आई लव यू…’, ब्रेकअप के बाद हैदराबाद में यूट्यूबर ने किया सुसाइड; मां को भेजा आखिरी मैसेज

1229 Shares

हैदराबाद में 21 साल की युवा यूट्यूबर बोनू कोमाली ने अपनी जान दे दी। मौत से कुछ घंटे पहले उसने कुवैत में काम करने वाली अपनी मां को मैसेज भेजा, “आई लव यू मम्मी सो मच”।

इसके बाद उसका फोन स्विच ऑफ हो गया। मां की चिंता बढ़ी, दोस्त को भेजा तो शाम को दरवाजा तोड़कर अंदर गए और कोमाली को छत के पंखे से लटका पाया। कोमाली आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम की रहने वाली थी।

वह पिछले करीब 11 महीनों से हैदराबाद में अकेले रह रही थी। यहां वह एक प्राइवेट कॉलेज में बीएससी की पढ़ाई कर रही थी। इसके साथ ही पार्ट टाइम यूट्यूब पर लाइफस्टाइल और पर्सनल वीडियो बनाती थी। उसकी जिंदगी बाहर से सामान्य लगती थी, लेकिन अंदर से वह गहरे दर्द से गुजर रही थी।

मां को आखिरी मैसेज

सोमवार की सुबह-सुबह करीब 1:34 बजे कोमाली ने अपनी मां बी सत्य वरलक्ष्मी को मैसेज किया। मैसेज में लिखा था – “आई लव यू मम्मी सो मच। छोटे भाई का अच्छे से ख्याल रखना। मां कुवैत में बेबीसिटर का काम करती हैं। उन्होंने तुरंत कॉल किया, लेकिन फोन बंद था। बार-बार कोशिश करने के बाद उन्होंने कोमाली की दोस्त मनसा को सूचना दी।

दोपहर करीब 3 बजे मनसा फ्लैट पहुंची। दरवाजा अंदर से बंद था। कई बार दस्तक देने पर कोई जवाब नहीं मिला। पड़ोसियों की मदद से पुलिस बुलाई गई। रैदुर्गम पुलिस इंस्पेक्टर चेन्ना वेंकन्ना ने बताया कि टीम ने दरवाजे की सिटकनी तोड़ी और अंदर जाकर देखा तो कोमाली छत के पंखे से साड़ी से लटकी हुई थी। मौके पर ही मौत हो चुकी थी। पास में सीढ़ी और साड़ी पड़ी मिली।

लव फेलियर है खुदकुशी की वजह?

पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला कि कोमाली पिछले तीन साल से एक 27 साल के सॉफ्टवेयर इंजीनियर और साथी यूट्यूबर के साथ रिलेशनशिप में थी। दोनों में हाल में ब्रेकअप हो गया था। यह रिश्ता टूटने से कोमाली बहुत परेशान थी। पुलिस के मुताबिक, भावनात्मक दबाव और लंबे समय से चल रहे रिलेशनशिप विवाद ने उसे इस कदम तक पहुंचाया।

छह महीने पहले भी कोमाली ने सुसाइड की कोशिश की थी, लेकिन तब परिवार ने उसे बचा लिया था। इस बार वह अकेली थी और किसी ने रोक नहीं पाया। पुलिस ने बताया कि मामले में लव फेलियर मुख्य वजह लग रही है।

पुलिस ने मामला संदिग्ध मौत का दर्ज किया है। कोमाली का शव ओस्मानिया जनरल हॉस्पिटल ले जाया गया है, जहां पोस्टमॉर्टम हो रहा है। जांच में फोन रिकॉर्ड, मैसेज, दोस्तों-रिश्तेदारों के बयान और डिजिटल-सामान्य सबूत इकट्ठा किए जा रहे हैं। पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है ताकि पूरी सच्चाई सामने आए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *