इटावा-कानपुर हाईवे पर ट्रेलर में जा घुसी टूरिस्ट बस, ड्राइवर की मौत; 6 से ज्यादा यात्री घायल

 सोमवार तड़के इटावा कानपुर हाईवे पर इकदिल थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम जगमोहनपुर के पास दिल्ली से बिहार जा रही एक प्राइवेट टूरिस्ट बस अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रेलर से जा टकराई।

टक्कर इतनी भीषण थी कि बस के परखच्चे उड़ गए और चालक के दोनों पैर कट गए। अस्पताल ले जाते समय चालक रामू शर्मा निवासी किचोरी जनपद मैनपुरी ने दम तोड़ दिया, जबकि बस में सवार आधा दर्जन यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।

तड़के सुबह हुआ हादसा

प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय पुलिस के अनुसार, यह हादसा सुबह करीब 5:30 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि बस चालक को अचानक नींद की झपकी आ गई, जिसके कारण वह वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा और बस सीधे आगे जा रहे ट्रेलर के पिछले हिस्से में जा घुसी। चीख-पुकार सुनकर दौड़े स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी।

बस में सवार करीब 6 यात्री इस हादसे में घायल हुए हैं, जिन्हें एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

सुबह-सुबह हुए इस हादसे के बाद नेशनल हाईवे पर कुछ देर के लिए यातायात बाधित रहा, जिसे पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर सुचारू कराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *