जमशेदपुर में आज महामहिम द्रौपदी मुर्मु, श्री जगन्नाथ आध्यात्मिक केंद्र व मणिपाल-टाटा अस्पलात में रखेंगी आधारशिला

2.9kViews
1649 Shares

 आज (26 फरवरी 2026) जमशेदपुर में एक ऐतिहासिक दिन होने वाला है। भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु शहर का दौरा करेंगी। उनके इस दौरे का मुख्य कार्यक्रम होगा श्री जगन्नाथ आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक केंद्र का भूमि पूजन और आधारशिला रखना।

राष्ट्रपति दोपहर करीब 12 बजे सोनारी एयरपोर्ट पहुंचेंगी। वहां से सीधे कदमा के मरीन ड्राइव स्थित श्री जगन्नाथ आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक चैरिटेबल केंद्र पहुंचकर भूमि पूजन करेंगी। पूजा गणेश पूजन से शुरू होगी, जिसमें पुरी, जाजपुर और जमशेदपुर के पुरोहित शामिल होंगे। परिसर को खूब सजाया गया है और भक्तिमय माहौल रहेगा।

यह केंद्र लगभग 2.5 एकड़ जमीन पर बन रहा है। मुख्य मंदिर 1.5 एकड़ में होगा और बाकी हिस्सा आध्यात्मिक व सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए। अनुमानित लागत 100 करोड़ रुपये है और पूरा होने में करीब 4 साल लगेंगे। इसका संचालन श्री जगन्नाथ आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक केंद्र ट्रस्ट करेगा। यहां विभिन्न विश्वविद्यालयों के छात्र आध्यात्मिक अध्ययन के लिए आएंगे।

भूमि पूजन के बाद राष्ट्रपति जनसभा को संबोधित करेंगी। कार्यक्रम में झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान भी मौजूद रहेंगे।इसके बाद दोपहर 2:30 बजे वे मणिपाल टाटा मेडिकल कॉलेज पहुंचेंगी। वहां छात्र-छात्राओं से बातचीत करेंगी और परिसर में पौधारोपण भी करेंगी। कुल दौरा लगभग 3 घंटे 50 मिनट का रहेगा। दोपहर 3:50 बजे के आसपास वे रांची के लिए रवाना हो जाएंगी।

शहर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम हैं। ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहेगा और पूरा क्षेत्र जोन-सेक्टर में बांटा गया है। यह राष्ट्रपति का जमशेदपुर में दूसरा दौरा होगा, जो शहर के लिए आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विकास की नई शुरुआत माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *