मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पिछले वर्ष प्रगति यात्रा के दौरान भोजपुर जिले के दस प्रखंड सह अंचल कार्यालय भवन बनाने की घोषणा की थी।
घोषणा के बाद भवन निर्माण विभाग ने प्रक्रिया शुरू की, जिसमें सात प्रखंडों में निर्माण कार्य तेजी से जारी है। जिले में प्रशासनिक ढांचे को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से जी प्लस टू मॉडल के आधुनिक भवन बनाए जा रहे हैं। इन भवनों में विभिन्न प्रशासनिक इकाइयों को एक ही परिसर में समाहित किया जाएगा। जिला प्रशासन निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग कर रहा है।
इन सात प्रखंडों में तेजी से चल रहा निर्माण कार्य
आरा सदर, कोइलवर, उदवंतनगर, तरारी, संदेश, पीरो और सहार प्रखंडों में भवन निर्माण कार्य प्रगति पर है। सबसे पहले आरा सदर और उदवंतनगर में निर्माण की शुरुआत की गई थी। निर्माण स्थल पर अभियंताओं की टीम नियमित निरीक्षण कर गुणवत्ता सुनिश्चित कर रही है।
भवनों को मजबूत, टिकाऊ और सुरक्षित बनाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। भवन निर्माण विभाग और जिला प्रशासन संयुक्त रूप से कार्यों की निगरानी कर रहे हैं।
आधुनिक सुविधाओं से लैस होंगे नए प्रशासनिक भवन
प्रस्तावित भवनों में प्रखंड विकास पदाधिकारी और अंचलाधिकारी के कार्यालय होंगे। इसके साथ ही प्रखंड स्तरीय अन्य पदाधिकारियों के लिए अलग कक्ष बनाए जाएंगे। आधुनिक कॉन्फ्रेंस हॉल और आरटीपीएस काउंटर की भी व्यवस्था रहेगी।
रिकॉर्ड रूम को व्यवस्थित और सुरक्षित तरीके से विकसित किया जाएगा। कर्मचारियों और आमजन की सुविधा के लिए कैंटीन की भी व्यवस्था प्रस्तावित है। इन भवनों से प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता और सुगमता आने की उम्मीद है


