जुड़वां भाइयों के ‘जुड़वां’ नंबर… JEE Mains सेशन 1 में ओडिशा के महरूफ और मसरूर ने किया कमाल
आईआईटी समेट देश के टॉप इंस्टीट्यूट्स में इंजीनियरिंग के लिए एडमिशन के लिए होने वाली परीक्षा JEE Mains के इस साल शानदार नतीजे देखने को मिले। 12 छात्रों ने 100 परसेंटाइल हासिल किया, जिसमें से जुड़वां भाइयों ने एक जैसा परसेंटाइल स्कोर हासिल किया।
ओडिशा के भुवनेश्वर के रहने वाले महरूफ और मसरूर अहमद खान ने एक साथ BE/BTech का पेपर दिया और उन्हें एक जैसा परसेंटाइल मिला। ये जुड़वां भाई अपनी मां के साथ राजस्थान के कोटा में रह रहे हैं।
‘हेल्थी कॉम्पिटिशन ने दिलाया ये मुकाम’
महरूफ ने कहा कि दोनों के बीच हेल्दी कॉम्पिटिशन ने उनके परफॉर्मेंस को बेहतर बनाने में अहम भूमिका निभाई। अब उनका लक्ष्य JEE एडवांस्ड पास करना और IIT बॉम्बे में कंप्यूटर साइंस से इंजीनियरिंग करना है।
महरूफ ने कहा, “शुरू से ही हमने साथ में पढ़ाई की और अपने डाउट्स भी साथ में क्लियर किए। जब भी रिजल्ट अच्छे नहीं आते थे, हम एक-दूसरे को मोटिवेट करते थे। इससे हेल्दी कॉम्पिटिशन हुआ और परफॉर्मेंस बेहतर हुई। हम भुवनेश्वर के रहने वाले हैं। मेरी मां अभी हमारे साथ रहती है। उन्होंने हमारे साथ रहने और हमारी तैयारी में मदद करने के लिए अपनी नौकरी छोड़ दी। अब मेरा मकसद JEE एडवांस्ड क्रैक करना और IIT बॉम्बे से कंप्यूटर साइंस करना है। आखिर में, मेरा प्लान IAS ऑफिसर बनना है।”
‘एक-दूसरे से सीखने में मिली मदद’
वहीं, मसरूर ने कहा कि वह और उसका भाई हमेशा एक ही समय पर पढ़ाई करते थे, जिससे उन्हें एक-दूसरे से बहुत कुछ सीखने में मदद मिली। मसरूर ने कहा, “मैं क्लास 10 से कोटा में हूं और पिछले तीन सालों से तैयारी कर रहा हूं। मैं हमेशा मोटिवेटेड रहा, जिससे मुझे JEE Main में अच्छा स्कोर करने में मदद मिली। हमने साथ में पढ़ाई की और एक ही स्टडी शेड्यूल फॉलो किया। हमने एक-दूसरे को मोटिवेट किया और एक-दूसरे से बहुत कुछ सीखा।”


