लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर गुरुवार को सुरक्षा जांच के दौरान स्पाइसजेट के एक यात्री के पास से चार जिंदा कारतूस बरामद किए गए। यात्री स्पाइसजेट की वाराणसी से मुंबई जाने वाली उड़ान संख्या एसजी-330 से यात्रा करने के लिए एयरपोर्ट पहुंचा था।
जानकारी के अनुसार सीआईएसएफ कर्मियों ने एसएचए (सिक्योर होल्ड एरिया) में चेकिंग के दौरान यात्री खान मंसूर आलम निवासी चौकिया, बिल्थरा रोड जनपद बलिया उत्तर प्रदेश के हैंड बैग से कारतूस बरामद किए। इसके बाद सीआईएसएफ ने यात्री से गहनता से पूछताछ करते हुए स्थानीय पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस के साथ-साथ आईबी एवं एलआईयू सहित अन्य जांच एजेंसियों ने यात्री से पूछताछ की। अधिकारियों के अनुसार यात्री द्वारा संबंधित वैध शस्त्र लाइसेंस एवं आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत किए जाने पर लिखित में लेते हुए नियमानुसार कार्रवाई करते हुए उसे छोड़ दिया जाएगा।
बताते चलें कि यात्री को विमान में सीट संख्या 28 बी आवंटित थी। उड़ान ने वाराणसी एयरपोर्ट से शाम 6:20 बजे प्रस्थान किया, जबकि बोर्डिंग प्रक्रिया शाम 5:50 बजे प्रारंभ हुई थी। इस संबंध में फूलपुर थाना प्रभारी अतुल सिंह ने बताया कि एयरपोर्ट पर एक यात्री के पास से चार जिंदा कारतूस बरामद हुए थे। यात्री द्वारा वैध शस्त्र लाइसेंस दिखाए जाने के बाद अग्रिम विधिक कार्रवाई करते हुए उसे छोड़ दिया जाएगा।


