मुंबई मेयर इलेक्शन का काउंटडाउन शुरू… भाजपा किस पर खेलेगी दांव? इन 6 नामों के बीच होगा दंगल
महाराष्ट्र में नगर महापालिका चुनाव के नतीजे आने के बाद अब मुंबई मेयर चुनाव का काउंटडाउन शुरू हो गया है। बीएमसी मेयर पद के लिए 11 फरवरी को चुनाव होने हैं और इसके लिए नामांकन प्रक्रिया आज शुक्रवार (06 फरवरी, 2026) से शुरू हो गई है।
ऐसे में सभी की निगाहें इस बात पर हैं कि मुंबई का अगला मेयर कौन होगा? कहा जा रहा है कि भाजपा किसी महिला पर दांव खेल सकती है। हालांकि आधे दर्जन से ज्यादा नाम चर्चा में हैं।
किस पार्टी ने कितनी सीटें जीतीं?
बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) में मेयर का पद सामान्य वर्ग की महिलाओं के लिए रिजर्व किया गया है। 227 सदस्यों वाले सदन में बहुमत का आंकड़ा 114 है, जिसमें भाजपा 89 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। जबकि, उसके सहयोगी एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना ने 29 सीटें जीतीं।
इस तरह से महायुति का कुल आंकड़ा 118 हो गया है। वहीं, अजित पवार की एनसीपी को तीन सीटें मिलीं हैं लेकिन यह चुनाव एनसीपी ने महायुति से अलग होकर लड़ा था।
विपक्ष की तरफ से उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (UBT) ने 65 सीटें जीतीं। उसकी सहयोगी राज ठाकरे के नेतृत्व वाली एमएनएस ने 6 और शरद पवार के नेतृत्व वाली एनसीपी (एसपी) ने एक। कांग्रेस ने अकेले चुनाव लड़ा था और उसने 24 सीटें जीतीं।


