चीन के युन्नान प्रांत में हर साल सैकड़ों लोग एक अजीबोगरीब शिकायत लेकर अस्पताल पहुंचते हैं। इन लोगों का कहना होता है कि उन्हें छोटे-छोटे परी जैसे जीव दिखाई देने लगते हैं—जो दीवारों पर चढ़ते हैं, फर्नीचर पर बैठे नजर आते हैं और दरवाजे के नीचे से निकलते दिखते हैं।
यह कोई काल्पनिक कहानी नहीं, बल्कि एक रहस्यमयी बीमारी है जो एक खास मशरूम से जुड़ी है। इस मशरूम का नाम है लानमाओआ एशियाटिका। यह मशरूम जंगलों में पाइन के पेड़ों के पास उगता है और स्थानीय लोगों के बीच बेहद लोकप्रिय है।
जून से अगस्त के बीच यह मशरूम युन्नान के बाजारों में बिकता है, रेस्टोरेंट्स के मेन्यू में शामिल होता है और घरों में भी पकाया जाता है। लोग इसे स्वादिष्ट मानते हैं, लेकिन इसके सेवन से जुड़ी सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि इसे अच्छी तरह पकाकर ही खाना चाहिए।
विशेषज्ञों का कहना है कि अगर यह मशरूम अधपका रह जाए तो खाने वाले को हैलुसिनेशन यानी भ्रम की स्थिति का सामना करना पड़ता है। यही कारण है कि कई लोग अस्पताल पहुंचते हैं और बताते हैं कि उन्हें काल्पनिक जीव दिखाई देने लगे।


