26 स्ट्रैंड रोड स्थित सरकारी आवास खाली करने के बाद बिहार सरकार के मंत्री लखेंद्र पासवान द्वारा लगाए गए आरोपों पर RJD सुप्रीमो लालू प्रसाद के बड़े पुत्र पूर्व मंत्री और जनशक्ति जनता दल (JJD) अध्यक्ष तेज प्रताप यादव ने तीखा पलटवार किया है।
कहा कि मंत्री बस टीआरपी बटोरना चाहते हैं। आरोपों को पूरी तरह बेबुनियाद बताते हुए कहा कि उस आवास में मौजूद हर सामान उनका खुद का खरीदा हुआ था।
सोमवार को मीडिया से बातचीत में तेज प्रताप यादव ने कहा कि विधायक होने के नाते उन्हें वहां कुछ भी सरकारी तौर पर नहीं मिला था।
सबकुछ खुद का खरीदा हुआ था
एसी, पंखा, बेड समेत सभी सुविधाएं उन्होंने अपने पैसे से लगवाई थीं। यदि सबकुछ विभाग से दिया हुआ था तो वहां जेई ने कागज क्यों नहीं निकाला।
उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि वे नए-नए मंत्री बने हैं, इसलिए शायद स्वर्ग की उम्मीद कर रहे हैं। कुर्सी मिली है तो उसका सम्मान करें और संयम रखें।
तेज प्रताप ने कहा कि जिस आवास को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं, वह पहले नर्क जैसा था और उन्होंने उसे रहने लायक बनाया। वहां कुछ था ही नहीं।
इस तरह के ओछे आरोप लगाना ठीक नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसा छोटा काम वे नहीं करते। उन्होंने यह भी बताया कि उसी आवास में मकर संक्रांति के मौके पर आयोजित दही-चूड़ा भोज में लखेंद्र पासवान को आमंत्रित किया गया था, लेकिन वे नहीं आए।


