गुंटूर में हंगामा: YSRCP नेता अंबाती रामबाबू गिरफ्तार, TDP कार्यकर्ताओं का विरोध प्रदर्शन
आंध्र प्रदेश के गुंटूर में राजनीतिक तनाव उस समय बढ़ गया जब YSR कांग्रेस पार्टी (YSRCP) के वरिष्ठ नेता अंबाती रामबाबू ने मुख्यमंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की। इस घटना के बाद सत्ताधारी तेलगु देशम पार्टी (TDP) के कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने शनिवार देर रात रामबाबू को उनके घर से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद गुंटूर की सड़कों पर TDP कार्यकर्ताओं ने जमकर प्रदर्शन किया। कई घंटों तक चले इस विरोध में रामबाबू के घर के बाहर तोड़फोड़ की गई और गाड़ियों में आग लगा दी गई। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि रामबाबू सार्वजनिक रूप से माफी मांगें।
गुंटूर जिले के पुलिस अधीक्षक (SP) वकुल जिंदल ने बताया कि मुख्यमंत्री पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में रामबाबू को गिरफ्तार किया गया है। गौरतलब है कि YSRCP की पिछली सरकार में रामबाबू सिंचाई मंत्री रह चुके हैं।
इस बीच YSR कांग्रेस पार्टी ने आरोप लगाया कि रामबाबू की जान को खतरा है। पार्टी का कहना है कि TDP समर्थकों ने उन पर जानलेवा हमला किया। YSRCP ने इस मामले में राज्य के पुलिस महानिदेशक (DGP) को शिकायत पत्र भी भेजा है।
पार्टी के जनरल सेक्रेटरी और सेंट्रल ऑफिस इंचार्ज MLC लेल्ला अप्पिरेड्डी ने कहा कि यह हमला सरकार पर सवाल उठाने वाली आवाजों को दबाने की एक सोची-समझी साजिश है। उन्होंने मांग की कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
गुंटूर में हुई इस घटना ने राज्य की राजनीति में हलचल मचा दी है। एक ओर TDP कार्यकर्ता रामबाबू से माफी की मांग कर रहे हैं, वहीं YSRCP इसे विपक्ष की हिंसक राजनीति करार दे रही है।


