यूनाइटेड स्टेट्स सिटिजनशिप एंड इमिग्रेशन सर्विसेज (USCIS) ने 2027 H-1B कैप के लिए शुरुआती रजिस्ट्रेशन पीरियड की आधिकारिक घोषणा कर दी है। एजेंसी के अनुसार, H-1B वीजा के लिए इंटरव्यू इस साल 2026 में 4 मार्च दोपहर 12 बजे से शुरू होंगे और 19 मार्च तक आयोजित किए जाएंगे।
USCIS ने स्पष्ट किया है कि इस अवधि के दौरान सभी संभावित H-1B कैप-सब्जेक्ट याचिकाकर्ताओं और उनके प्रतिनिधियों को प्रत्येक लाभार्थी को इलेक्ट्रॉनिक रूप से रजिस्टर करना होगा। इसके लिए हर रजिस्ट्रेशन पर 215 अमेरिकी डॉलर की फीस निर्धारित की गई है, जो USCIS ऑनलाइन अकाउंट के माध्यम से जमा करनी होगी। भारतीय मुद्रा में यह राशि लगभग 20 हजार रुपये के बराबर है।
यह रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया H-1B वीजा चयन प्रणाली का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। एजेंसी ने बताया कि इलेक्ट्रॉनिक रजिस्ट्रेशन से पारदर्शिता और दक्षता सुनिश्चित होगी। साथ ही, इससे आवेदन प्रक्रिया को सरल और व्यवस्थित बनाने में मदद मिलेगी।
H-1B वीजा अमेरिका में काम करने के इच्छुक विदेशी पेशेवरों के लिए सबसे लोकप्रिय वीजा श्रेणी है। खासकर आईटी, इंजीनियरिंग, स्वास्थ्य और रिसर्च क्षेत्रों में काम करने वाले भारतीय पेशेवरों के लिए यह वीजा बेहद अहम माना जाता है। हर साल बड़ी संख्या में भारतीय नागरिक इस वीजा के लिए आवेदन करते हैं।
USCIS ने यह भी कहा है कि रजिस्ट्रेशन के बाद चयनित उम्मीदवारों को आगे की प्रक्रिया के लिए सूचित किया जाएगा। चयनित याचिकाकर्ताओं को निर्धारित समयसीमा के भीतर अपनी याचिका दाखिल करनी होगी।
विशेषज्ञों का मानना है कि इस बार फीस में बढ़ोतरी और इलेक्ट्रॉनिक रजिस्ट्रेशन की अनिवार्यता से आवेदन प्रक्रिया में बदलाव देखने को मिलेगा। हालांकि, इससे आवेदनकर्ताओं को अधिक सुविधा भी मिलेगी क्योंकि पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन होगी।


