धरहरा थाना क्षेत्र के बड़ी गोविंदपुर निवासी राजेश बासफोर (30) की संदेहास्पद परिस्थितियों में मौत हो गई। रविवार दोपहर करीब दो बजे राजेश जंगल में लकड़ी लेने गया था, लेकिन देर शाम तक घर नहीं लौटा।
परिजनों ने रातभर खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। सोमवार सुबह ग्रामीणों ने माताडीह घटवारी मैदान के आगे बरमन्नी की ओर सड़क किनारे शव देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। शव की पहचान होते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
परिवार की स्थिति राजेश की पत्नी रिंकी देवी ने बताया कि उसका किसी से कोई विवाद या दुश्मनी नहीं थी। वह परिवार के भरण-पोषण के लिए मेहनत मजदूरी करता था। परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद दयनीय है। पति की मौत से रिंकी देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। तीन मासूम बच्चों—शिवम कुमार (8), शिवांशु कुमार (7) और अनुष्का कुमारी (4)—की चीखें सुनकर हर कोई भावुक हो उठा।
ग्रामीणों की मांग परिजनों का कहना है कि राजेश के जाने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। ग्रामीणों ने भी घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
पुलिस की कार्रवाई धरहरा थानाध्यक्ष चंदन कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मौत के कारणों की पुष्टि रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है।


