पंजाब पुलिस ने आतंकी साजिश नाकाम की, शहजाद भट्टी के करीबी रमन कुमार गिरफ्तार
हरियाणा के अंबाला थाने में ब्लास्ट करने वाले गिरोह से जुड़े एक बदमाश की पंजाब में वारदात की योजना को पुलिस ने विफल कर दिया। जानकारी के अनुसार, आरोपी को पाकिस्तान में बैठे आतंकी शहजाद भट्टी की ओर से हथियार उपलब्ध कराए जा चुके थे और वह भट्टी के निर्देश का इंतजार कर रहा था।
पंजाब पुलिस की स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (एसएसओसी) ने इस साजिश को समय रहते नाकाम कर दिया। बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने शहजाद भट्टी के करीबी रमन कुमार उर्फ गोलू को गिरफ्तार किया। रमन जम्मू के गंग्याल इलाके का रहने वाला है।
पुलिस ने उसके कब्जे से 30 बोर की पिस्टल बरामद की है। जांच में सामने आया है कि रमन कुमार अवैध हथियार रखने और आतंकी गतिविधियों से जुड़े मामलों में संलिप्त रहा है। अधिकारियों का कहना है कि इस गिरफ्तारी से आतंकी नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है और आगे की जांच जारी है।


